आगरा में नकली दवाओं पर शिकंजा, 8000 लेबल बरामद, दो गोदाम सील, कई मेडिकल स्टोर जांच के दायरे में

आगरा में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बड़े स्तर पर छापेमारी करते हुए 8000 फर्जी दवा लेबल, ट्रामाडॉल कैप्सूल और भारी मात्रा में फिजीशियन सैम्पल बरामद किए। कई मेडिकल स्टोरों में रिकॉर्ड गड़बड़ी मिली और दो गोदाम सील किए गए। लाइसेंस शर्तों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की तैयारी है।

Feb 23, 2026 - 22:25
 0
आगरा में नकली दवाओं पर शिकंजा, 8000 लेबल बरामद, दो गोदाम सील, कई मेडिकल स्टोर जांच के दायरे में
इमेज फोटो

आगरा। प्रदेशभर में फिजीशियन सैम्पल और अवैध औषधियों के क्रय-विक्रय, भंडारण और वितरण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश की मुख्यालय स्तरीय टीम ने 22 फरवरी को आगरा शहर में सघन छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए, जिससे अवैध दवा कारोबार पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।

8000 प्रिंटेड लेबल के साथ संदिग्ध सामग्री बरामद

फव्वारा क्षेत्र की हींग गली निवासी जुबैर के घर पर छापेमारी के दौरान फोराकोर्ट इनहेलर दवा के 8000 प्रिंटेड लेबल बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि इन लेबलों का इस्तेमाल नकली दवाएं तैयार करने में किया जा सकता था। बरामद सामग्री को जब्त कर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

ट्रामाडॉल कैप्सूल और भारी मात्रा में फिजीशियन सैम्पल बरामद

कमला मार्केट, फव्वारा के कॉमन कॉरिडोर से लावारिस हालत में Spasmoproxivon (ट्रामाडॉल) कैप्सूल और बड़ी संख्या में फिजीशियन सैम्पल बरामद किए गए। इनमें से पांच दवाओं के नमूने जांच एवं विश्लेषण के लिए संग्रहीत किए गए हैं, जबकि बाकी स्टॉक को विभागीय अभिरक्षा में ले लिया गया।

विश्वनाथ फार्मा में बिक्री के अनुपात से अधिक नकदी

मेसर्स विश्वनाथ फार्मा की जांच के दौरान प्रतिष्ठान में 7.40 लाख रुपये नकद पाए गए, जो औसत बिक्री के सापेक्ष अधिक माने जा रहे हैं। विभाग अब नकदी का मिलान दवाओं के क्रय-विक्रय रिकॉर्ड से करेगा, जिससे संभावित अनियमितताओं का पता लगाया जा सके।

स्टॉक-लेजर में गड़बड़ी, दो गोदाम सील

भगवती ड्रग सेंटर और तनु मेडिकल एजेंसी में स्टॉक और लेजर रिकॉर्ड में गंभीर विसंगतियां सामने आईं। तनु मेडिकल एजेंसी में फिजीशियन सैम्पल भी मिले, जिनके नमूने जांच के लिए संकलित किए गए हैं। दुकान बंद मिलने के कारण संबंधित दो गोदामों को सील कर दिया गया है। विभागीय टीम इन गोदामों की विस्तृत जांच करेगी।

लाइसेंस उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई

विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन प्रतिष्ठानों में लाइसेंस शर्तों का उल्लंघन पाया गया है, उनके खिलाफ औषधि अनुज्ञापन प्राधिकारी (विक्रय) स्तर से नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद शहर में अवैध दवा कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।