कार्टून प्रतियोगिता में दिखी छात्रों की सृजनात्मकता, सामाजिक सरोकारों को दी कला की अभिव्यक्ति

आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के ललित कला संस्थान, एप्लाइड आर्ट विभाग द्वारा एक दिवसीय कार्टून मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। छात्रों का उत्साह देखते ही बन रहा था। इस प्रतियोगिता ने प्रतिभागियों को अपनी सृजनात्मकता, कला-निपुणता और सामाजिक विषयों पर सोचने की क्षमता को प्रदर्शित करने का अवसर दिया।

Sep 10, 2025 - 19:35
 0
कार्टून प्रतियोगिता में दिखी छात्रों की सृजनात्मकता, सामाजिक सरोकारों को दी कला की अभिव्यक्ति
आंबेडकर विवि के ललित कला संस्थान में आयोजित कार्टून प्रतियोगिता में छात्रों द्वारा बनाए गये कुछ चुनिंदा कार्टून।

यह कार्यक्रम ललित कला संस्थान की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला का सातवां आयोजन था। प्रतियोगिता में 75 से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के उपनिदेशक डॉ. मनोज कुमार ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने छात्रों को संदेश दिया कि कला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकारों को रचनात्मकता के साथ प्रस्तुत करने का सशक्त साधन भी है।

इस प्रतियोगिता की थीम मतदाता जागरूकता तथा अमेरिकन टैरिफ रखी गई थी। प्रतिभागियों ने इन विषयों को अपनी कल्पनाशीलता और कार्टून कला के माध्यम से बेहद रोचक और रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।

कुलपति प्रो. आशु रानी ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों की प्रतिभा को निखारने के साथ ही समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी भी बढ़ाते हैं।

प्रतियोगिता का संचालन विश्वविद्यालय के निदेशक प्रो. संजय चौधरी के नेतृत्व में समन्वयक डॉ. अरविंद कुमार राजपूत ने किया। सह-समन्वयक देवेंद्र कुमार सिंह और दीपक कुलश्रेष्ठ ने व्यवस्थाएं संभालीं।

इस अवसर पर पारुल जुरैल, महिमा सिंह, डॉ. गणेश कुशवाहा, डॉ. शीतल शर्मा, डॉ. शार्दूल मिश्रा, पंडित देवाशीष गांगुली और लक्ष्मी गौतम की विशेष उपस्थिति रही।

प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे और उन्हें संस्थान के स्थापना दिवस समारोह में सम्मानित भी किया जाएगा।

SP_Singh AURGURU Editor