आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र में रेलवे लाइन किनारे युवक का शव मिला, हत्या की आशंका
आगरा। थाना फतेहाबाद क्षेत्र के ग्राम शालूबाई के समीप आगरा-इटावा रेल खंड पर शुक्रवार तड़के एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने शव को देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और आरपीएफ ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान पिनाहट क्षेत्र के विप्रावली निवासी 35 वर्षीय लवकुश पुत्र दुलारे राम के रूप में हुई है। पुलिस को मृतक के हाथ में एक मोबाइल चार्जर मिला है।
शव पर गहरी चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे यह आशंका प्रबल हो रही है कि युवक की हत्या कर शव को रेल लाइन किनारे फेंका गया है। शुरू में पुलिस को शक था कि युवक किसी ट्रेन से गिरा होगा, लेकिन शरीर पर चोटों के गहरे निशान देख हत्या की आशंका बलवती हो गई।
घटना की जानकारी पर आसपास के गांवों के लोग भी मौके पर जुट गए। शव मिलने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और हत्यारों का जल्द खुलासा किया जाएगा।