दिल्ली- पश्चिमी यूपी में कड़ाके की ठंड, घने कोहरे ने थामी रफ्तार

दिल्ली-पश्चिमी यूपी में कड़ाके ठंड पड़ रही है। शनिवार को घने कोहरे की वजह से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। लो विजिबिलिटी के चलते सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हुए।

Dec 20, 2025 - 09:45
 0
दिल्ली- पश्चिमी यूपी में कड़ाके की ठंड, घने कोहरे ने थामी रफ्तार

 
नई दिल्ली। मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है। कोहरे के साथ शीतलहर चल रही है। आम जनजीवन बुरी प्रभावित हो चुका है। कड़ाके की ठंड ने लोगों को घरों में रुकने पर मजबूर कर दिया है। दिल्ली के साथ ही आगरा, फिरोजाबाद और पश्चिमी यूपी के तमाम शहरों  में शनिवार तड़के से ही घना कोहरा छाया है। इस वजह से मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। लोगों को यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। सड़क, रेल के साथ-साथ हवाई यातायात पर असर पड़ा है। दिल्ली एयरपोर्ट पर कई फ्लाइट्स प्रभावित हुई हैं।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार सुबह घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी जारी की थी। ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। ऐसा ही हाल दिल्ली और पश्चिमी यूपी  मेंनजर आ रहा। घने कोहरे की वजह से सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हुए हैं। रविवार और सोमवार को भी घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। बदले मौसम और कोहरे की वजह से हवाई यातायात पर इसका गंभीर असर पड़ा है। ट्रेनें घंटों लेट चल रही हैं। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कम विजिबिलिटी में विमानों के संचालन के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।  

दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि दिल्ली हवाई अड्डे पर लो विजिबिलिटी का असर है। हालांकि, सभी उड़ानों सामान्य रूप से चलाने की कोशिशें हो रही हैं। यात्रियों को नए फ्लाइट अपडेट के लिए अपनी संबंधित एयरलाइन्स से संपर्क करने की सलाह दी जाती है। एयर इंडिया और इंडिगो ने भी यात्रियों को कोहरे के कारण संभावित देरी के बारे में सूचित किया है।

दिल्ली एनसीआर में शीतलहर और कोहरे का असर तो नजर ही आ रहा। दूसरी ओर पॉल्यूशन का हाल भी बेहद गंभीर है। शहर की एयर क्वालिटी लगातार बिगड़ रही है। सुबह 7:22 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक  633 तक पहुंच गया। सराय काले खां, बारापुला फ्लाईओवर, अक्षरधाम और आरटी मार्ग जैसे इलाकों में प्रदूषण का स्तर खतरनाक स्तर पर है।


उत्तर भारत से चलने वाली और दिल्ली की ओर आने वाली ट्रेनें घंटों लेट चल रही हैं। इससे रेलवे प्लेटफार्म पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही हैं। सड़क मार्ग से जाने वाले भी यात्रा के समय में परिवर्तन कर रहे हैं ताकि कोहरे के कहर से बच सकें। सड़कों पर भीड़ काफी कम हो गई है।