बरेली जंक्शन पर श्रद्धालुओं का सैलाब: रोज़ 40 से 42 हजार तक पहुंची मनौना धाम यात्रियों की संख्या

मनौना धाम के लिए उमड़ रही अभूतपूर्व भीड़ ने बरेली जंक्शन को देश के व्यस्ततम स्टेशनों की श्रेणी में ला खड़ा किया है। प्रतिदिन 40 से 42 हजार श्रद्धालुओं की आमद से स्टेशन पर यात्रियों की संख्या रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है, जिसके चलते रेलवे प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।

Nov 19, 2025 - 20:10
 0
बरेली जंक्शन पर श्रद्धालुओं का सैलाब: रोज़ 40 से 42 हजार तक पहुंची मनौना धाम यात्रियों की संख्या
मुख्य वाणिज्य निरीक्षक मोहम्मद इमरान।

-आरके सिंह-

बरेली। बरेली जंक्शन स्टेशन पर सामान्य यात्रियों से अधिक संख्या आंवला तहसील क्षेत्र के मनौना धाम के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की है। बरेली जंक्शन स्टेशन आया-गया यात्रियों के हिसाब से देश के बड़े स्टेशनों में शामिल हो गया है।

बरेली जंक्शन स्टेशन पर तैनात मुख्य वाणिज्य निरीक्षक मोहम्मद इमरान ने बताया कि बरेली जंक्शन पर आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या में गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष काफी अधिक वृद्धि हुई है। इसकी मुख्य वजह मनौना धाम जाने वाले श्रद्धालु हैं। गत वर्ष इसी अवधि में 30 हजार से 32 हजार श्रद्धालु प्रतिदिन मनौना धाम आए थे, जबकि इस वर्ष अब तक 40 हजार से 42 हजार श्रद्धालु प्रतिदिन बरेली स्टेशन पर पहुंच रहे हैं।

मनौना धाम जाने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु आंवला स्टेशन पर भी आ रहे हैं। आंवला स्टेशन पर प्रतिदिन पांच मेल और चार पैसेंजर ट्रेनें आती हैं, जिनमें अधिकतर सीटों पर मनौना धाम के यात्री होते हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए बरेली जंक्शन अब बड़ी स्टेशनों की श्रेणी में शामिल हो गया है। यात्रियों की संख्या बढ़ने के चलते स्टेशन प्रबंधन सुविधाओं की उपलब्धता और व्यवस्थाओं को लेकर पूरी तरह सतर्क है।

उधर, मनौना धाम के मीडिया सलाहकार सचिन सक्सेना ने बताया कि मनौना धाम के लिए बरेली स्टेशन के बाहर से 24 घंटे आवागमन के साधन उपलब्ध हैं। मनौना खाटूश्यामजी धर्मशाला प्रभारी बंटू सिंह ने कहा कि गरीब मरीजों के ठहरने के लिए धर्मशाला में मुफ्त व्यवस्था है। उल्लेखनीय है कि ई-बस सेवा भी बरेली से मनौना धाम के लिए प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से रात्रि 8 बजे तक उपलब्ध रहती है।

SP_Singh AURGURU Editor