आम उपभोक्ताओं की बिजली सामग्री पर 5% जीएसटी की मांग, ऑनलाइन ट्रेडिंग पर रोक की उठी आवाज, इलेक्ट्रिकल एक्सपो में प्रदेशभर से जुटे सैकड़ों विद्युत व्यापारी
आगरा। आम उपभोक्ताओं के दैनिक उपयोग में आने वाली विद्युत सामग्री पर जीएसटी की दर घटाकर पांच फीसदी करने की मांग उठी है। आगरा इलेक्ट्रिकल कॉन्ट्रैक्टर्स एंड मर्चेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन की प्रदेश कार्यकारिणी सभा में विद्युत व्यापारियों ने सरकार से यह राहत देने के साथ गरीबों के मकानों में इस्तेमाल होने वाली विद्युत सामग्री को भी पांच फीसदी जीएसटी के दायरे में लाने की मांग की।
फतेहाबाद रोड स्थित हैवेन्स गार्डन में रविवार को प्रदेश कार्यकारिणी सभा एवं विद्युत व्यापार मेले का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री राकेश गर्ग ने फीता काटकर एक्सपो का उद्घाटन किया। सुबह से देर रात तक चले एक्सपो में 60 स्टॉलों पर विभिन्न विद्युत उत्पाद प्रदर्शित किए गए। इन्हें देखने के लिए प्रदेशभर से आए व्यापारियों के साथ बड़ी संख्या में आगरा के लोग भी पहुंचे।
यूपी उद्योग के लिए बना आकर्षण का केंद्र
प्रदेश कार्यकारिणी सभा को संबोधित करते हुए राकेश गर्ग ने कहा कि पूरे देश की अर्थव्यवस्था करीब चार ट्रिलियन डॉलर की है। बेहतर कानून व्यवस्था और उद्योग प्रोत्साहन की सरकारी नीतियों के चलते उत्तर प्रदेश आज देशभर में उद्योग के लिए सर्वाधिक आकर्षण का केंद्र बन गया है।
दैनिक उपयोग की विद्युत सामग्री पर पांच फीसदी जीएसटी की मांग
प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार सक्सेना ने सरकार से आम उपभोक्ताओं के दैनिक उपयोग की विद्युत सामग्री पर जीएसटी की दर पांच फीसदी करने की मांग की। उन्होंने उपभोक्ताओं से आईएसआई मार्क वाले उच्च गुणवत्ता के विद्युत उत्पादों का इस्तेमाल करने की अपील की। साथ ही शादी-विवाह और अन्य सार्वजनिक समारोहों में अस्थायी विद्युत वायरिंग का काम लाइसेंस प्राप्त विद्युत ठेकेदार से ही कराने को कहा, ताकि शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाओं से होने वाली जन-धन की हानि को रोका जा सके।
अब बिजली जाती नहीं, व्यापार का माहौल बदला
प्रदेश महामंत्री संजीव चान्दना ने कहा, उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से अबाधित विद्युत आपूर्ति और भयमुक्त व्यापार का माहौल मिलने से पिछले 12 वर्षों में विद्युत उत्पादों की बिक्री में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की हर परिवार को घर उपलब्ध कराने की योजना के तहत गरीबों के मकानों में इस्तेमाल होने वाली विद्युत सामग्री पर भी पांच फीसदी जीएसटी लागू करने की मांग की।
समारोह की अध्यक्षता आगरा संगठन के अध्यक्ष मुकेश गुप्ता ने की। उन्होंने भी सरकार से इलेक्ट्रिकल उत्पादों पर जीएसटी की दर पांच फीसदी करने की मांग रखी।
वरिष्ठ विद्युत व्यापारी सम्मानित
कार्यक्रम में संगठन के इतिहास, मेमोरेंडम एवं नियमावली विषयक सामग्री का विमोचन किया गया। वरिष्ठ विद्युत व्यापारियों को सम्मानित किया गया। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ और दाल-बाटी का आयोजन भी किया गया।
इससे पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सभा का शुभारंभ शंभू नाथ भार्गव के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन महासचिव राकेश गुप्ता, वरिष्ठ सलाहकार हरेश अग्रवाल और उपाध्यक्ष स्वदेश बंसल ने किया। मंच पर प्रदेश संरक्षक महेश चंद शर्मा, हरि गोपाल शर्मा, आगरा संरक्षक चंद्र मोहन अग्रवाल और आगरा कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल मौजूद रहे।
कार्यक्रम में रवि प्रकाश अग्रवाल, रवींद्र अग्रवाल, संजय कुंडलानी, ललित जैन, दीपक गुप्ता, अनुज माहेश्वरी, राकेश अग्रवाल, राजेश यादव, संजीव गुप्ता, दिलीप आहूजा, राहुल अग्रवाल, विपुल गोयल, नवीन बंसल, पवन गोयल, वीरेंद्र शर्मा, दिनेश जैन, निशु बंसल और गणेश गुप्ता प्रमुख रूप से मौजूद रहे।