विजय हजारे ट्रॉफी में देवदत्त पडिक्कल ने रचा इतिहास, मुंबई के खिलाफ भी खेली विनिंग पारी
विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 का सीजन कर्नाटक के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल के लिए किसी सुनहरे सपने से कम नहीं रहा। वह हर मैच में रन बना रहे हैं। अब पडिक्कल ने एक और रिकॉर्ड बना दिया है।
नई दिल्ली। विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में कर्नाटक और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने कमाल कर रखा है। वह हर मैच में लगातार रन बना रहे हैं। अब मुंबई के खिलाफ खेले गए क्वार्टर फाइनल में भी देवदत्त पडिक्कल ने मैच विनिंग पारी खेली। उन्होंने कर्नाटक के मैच जीतने में अहम भूमिका निभाई। कर्नाटक वीजेडी मेथड के चलते 55 रन से मुकाबला जीत गई। देवदत्त प्लेयर ऑफ द मैच रहे। उन्होंने 11 चौकों की मदद से नाबाद 81 रन बनाए। इस पारी के साथ ही देवदत्त पडिक्कल ने इतिहास रच दिया।
25 साल के देवदत्त पडिक्कल ने इस विजय हजारे ट्रॉफी सीजन में 8 मैचों में 721 रन ठोक दिए हैं। इसी के साथ पडिक्कल विजय हजारे ट्रॉफी के दो अलग-अलग सीजन में 700 से ज्यादा रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। देवदत्त पडिक्कल ने विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के सीजन में 4 शतक और 2 अर्धशतक ठोके हैं।
मयंक अग्रवाल, पृथ्वी शॉ, एन जगदीशन और करुण नायर ने विजय हजारे ट्रॉफी में एक सीजन में 700 प्लस रन बना रखे हैं। लेकिन, देवदत्त पडिक्कल के नाम अब दो अलग-अलग सीजन में 700 प्लस रन हैं।
कर्नाटक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। ऐसे में मुंबई ने 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 254 रन बनाए। शम्स मुलानी ने मुंबई के लिए सर्वाधिक 86 रन बनाए। कर्नाटक के लिए 3 विकेट विद्दयधर पाटिल ने लिए। 2-2 विकेट विद्धवाथ कावेरप्पा और अभिलाष शेट्टी ने लिए। 1 विकेट विश्याक विजय कुमार ने लिया।
इसके बाद 33 ओवर में कर्नाटक ने 1 विकेट पर 187 रन बना लिए थे। फिर बारिश के चलते मैच रुक गया था और वीजेडी मेथड के चलते 55 रन से कर्नाटक को विजेता घोषित कर दिया गया। देवदत्त पडिक्कल के अलावा करुण नायर भी 74 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके लगाए। एकमात्र विकेट मुंबई के लिए मोहित आवस्थी ने लिया।