श्रीकृष्ण लीला के विश्राम पर हुई श्री खाटू श्याम भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु

आगरा। बल्केश्वर स्थित गौशाला प्रांगण में चल रहे श्रीकृष्ण लीला महोत्सव के मंचीय लीला भाग के विश्राम के बाद गुरुवार की रात भक्ति और संगीत का संगम देखने को मिला। श्री खाटू श्याम जी की भजन संध्या में पूरा प्रांगण भक्तिरस से सराबोर हो उठा। मंच पर सजी श्री खाटू श्याम जी की मनमोहक झांकी और भजनों की मधुर गूंज ने भक्तों के हृदय को भावविभोर कर दिया।

Nov 7, 2025 - 13:54
 0
श्रीकृष्ण लीला के विश्राम पर हुई श्री खाटू श्याम भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु
बल्केश्वर स्थित गौशाला प्रांगण में श्रीकृष्ण लीला के मंचीय लीला के समापन पर आयोजित श्री खाटू श्याम जी की भजन संध्या में गायक भोला सांवरिया के भजनों पर झूमते चैतन्य हरि चरत जी महाराज, अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, अशोक गोयल, लक्ष्मण शर्मा आदि।

कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्ष मनीष अग्रवाल एवं सुजाता अग्रवाल द्वारा विधिवत पूजन से हुआ, जिसका संचालन लक्ष्मण शर्मा ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में गोवर्धन से पधारे चैतन्य हरि चरत जी महाराज ने दीप प्रज्वलन कर आरती संपन्न कराई।

भजन गायक भोला सांवरिया ने “खाटू में आज बुलावे श्याम”, “मैं तो श्याम दीवानी हो गई”, “श्याम तेरी महिमा न्यारी है” और “गाय नहीं कटने देंगे” जैसे प्रसिद्ध भजनों से समूचे वातावरण को भक्तिरस में डुबो दिया। भक्त हाथों में दीप लिए और श्याम नाम के जयकारे लगाते हुए झूमते नजर आए।

भजन संध्या संयोजक लक्ष्मण शर्मा ने कहा कि “प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी श्री खाटू श्याम जी की भजन संध्या भक्तों के लिए आध्यात्मिक आनंद का पर्व बन गई। यह आयोजन भक्ति और संगीत के माध्यम से आत्मा को ईश्वर से जोड़ने का माध्यम है।”

अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार को श्रीकृष्ण लीला महोत्सव का समापन हवन पूजन और स्वरूपों की विदाई के साथ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल भक्ति का उत्सव है, बल्कि समाज में एकता, सद्भाव और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक भी है।

कार्यक्रम में सचिन सारस्वत, विजय रोहतगी, नीरू रोहतगी, आशु रोहतगी, शेखर गोयल, रेणु गोयल, अशोक गोयल, ब्रजेश अग्रवाल, अनूप गोयल, केके अग्रवाल, मनोज बंसल, अनंत उपाध्याय, ममता, संजय गर्ग, मनोज नागा, विष्णु अग्रवाल, तनुराग गोयल, नीलिमा गोयल, संजय चेली, राजेंद्र अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Top of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor