धार्मिक स्थल पर बंदर का अधजला शव मिलने से भड़का आक्रोश, शक के आधार पर युवक को खंभे से बांधकर पीटा; वीडियो वायरल
-राजीव शर्मा- शाहजहांपुर। जिले में एक धार्मिक स्थल पर कथित रूप से बंदर का अधजला शव मिलने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। आक्रोशित लोगों ने शक के आधार पर एक युवक को खंभे से बांधकर बेरहमी से पीट दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे कानून-व्यवस्था और भीड़तंत्र को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
घटना थाना सदर बाजार क्षेत्र के जलाल नगर मोहल्ले की है। सोमवार को दिन में स्थानीय धार्मिक स्थल पर एक बंदर का अधजला शव देखे जाने के बाद वहां मौजूद लोगों में गुस्सा फैल गया। इसी दौरान इलाके में घूम रहे एक युवक पर संदेह जताते हुए उसे मौके पर ही खंभे से बांध दिया गया और मारपीट शुरू कर दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक से बार-बार उसका नाम-पता पूछा गया, लेकिन वह कुछ भी स्पष्ट नहीं बता पाया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक खंभे से बंधा हुआ रो रहा है। मौके पर मौजूद कुछ पुलिसकर्मी और आक्रोशित लोग उससे पहचान पूछते नजर आ रहे हैं, लेकिन युवक बोलने में असमर्थ दिख रहा है। वीडियो के सामने आने के बाद घटना को लेकर लोगों में तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) पंकज पंत ने थाना पुलिस के हवाले से बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और खंभे से बंधे युवक को भीड़ से मुक्त कराकर थाने ले आई। पूछताछ के दौरान युवक उल्टी-सीधी बातें करता रहा और अपनी पहचान सही ढंग से नहीं बता सका। पुलिस के अनुसार, युवक मंदबुद्धि है और उसे पहले भी इलाके में इधर-उधर घूमते देखा गया है।
सीओ पंकज पंत ने बताया कि अधजले मिले बंदर का विधि-विधान से अंतिम संस्कार करवा दिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि बंदर की मौत किन परिस्थितियों में हुई। साथ ही, भीड़ द्वारा युवक के साथ की गई मारपीट की भी जांच की जा रही है।