पाकिस्तान में इमरान खान को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म, तीन हफ्ते से धरना दे रहीं बहनों और वकीलों को नहीं मिलने दिया जा रहा, समर्थकों ने किया प्रदर्शन, कोई नहीं जानता किस हाल में हैं पूर्व पीएम
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को लेकर देश में हलचल बढ़ती जा रही है। तीन हफ्तों से जेल के बाहर धरने पर डटीं उनकी तीन बहनों और वकीलों को उनसे मिलने नहीं दिया जा रहा, जिससे जनता और समर्थकों में इमरान की सेहत और हालात को लेकर गहरी चिंता और आक्रोश फैल गया है।
लाहौर। पाकिस्तान में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की जेल में स्थिति को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। लाहौर की जेल में बंद इमरान से उनकी तीन बहनें- अलीना, नौरीन और उज्मा लगातार मिलने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन जेल प्रशासन लगातार अनुमति देने से मना कर रहा है। तीनों बहनें पिछले तीन हफ्तों से जेल के बाहर धरने पर बैठी हुई हैं, जिसके बावजूद प्रशासन का रवैया नहीं बदला है।
इमरान की बहन अलीना खान को तो हिरासत में भी ले लिया गया, जिससे मामले ने और तूल पकड़ लिया। वकीलों को भी मुलाकात की इजाज़त नहीं मिल रही है, जबकि लाहौर हाईकोर्ट ने स्पष्ट आदेश दिया था कि इमरान को परिवार और वकीलों से मिलने दिया जाए। इसके बावजूद जेल प्रशासन ने आदेश का पालन नहीं किया, जिससे पाकिस्तान में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर इमरान को किस हाल में रखा गया है और उनकी स्थिति क्यों छुपाई जा रही है?
इमरान की एक बहन ने मुलाकात न होने की शिकायत आईजी जेल से भी की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस बीच इमरान समर्थकों ने जेल के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया, जिसमें उनकी तीनों बहनें भी शामिल थीं। लोगों का आरोप है कि सरकार और जेल प्रशासन जानबूझकर इमरान को ‘आइसोलेट’ कर रहे हैं और उनकी स्थिति को छुपाया जा रहा है।
वकीलों का कहना है कि इमरान की सेहत को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी जा रही, जिससे संदेह और आशंकाएं और गहराती जा रही हैं। समर्थक यह जानना चाहते हैं कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री किस हालत में हैं, लेकिन सरकार की चुप्पी ने पूरे मामले को और रहस्यमय बना दिया है।