ऑस्ट्रेलिया तक पहुंची दहेज की दहशत,नकदी और फ्लैट की मांग,प्रताड़िता को शेल्टर होम में लेनी पड़ी शरण
शादी के बाद विवाहिता से एक करोड़ रुपये नकद और ऑस्ट्रेलिया में फ्लैट की मांग का आरोप। शादी में करीब 45 लाख रुपये खर्च और लगभग 75 लाख रुपये के आभूषण दिए जाने का दावा। पति, सास और ससुर पर मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना के आरोप। ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड में भी मारपीट और धमकी देने का आरोप। ऑस्ट्रेलिया पुलिस में शिकायत के बाद विवाहिता को शेल्टर होम में रखा गया। बाद में विवाहिता को स्पाउस वीजा और नौकरी मिली। भारत लौटने पर सामान मांगने पर जान से मारने की धमकी का आरोप। पति आशीष, सास उमेश और ससुर जगपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज, जांच जारी।
आगरा से जुड़ा सनसनीखेज मामला, पति-सास-ससुर पर मुकदमा दर्ज
आगरा। आगरा से जुड़े एक चौंकाने वाले दहेज उत्पीड़न मामले में विवाहिता ने अपने पति, सास और ससुर पर शादी के बाद से लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि शादी में लाखों रुपये खर्च किए जाने और कीमती आभूषण दिए जाने के बावजूद ससुराल पक्ष की मांगें खत्म नहीं हुईं। एक करोड़ रुपये नकद और ऑस्ट्रेलिया में फ्लैट की मांग पूरी न होने पर उसे भारत ही नहीं, बल्कि ऑस्ट्रेलिया में भी प्रताड़ित किया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पति आशीष, सास उमेश और ससुर जगपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार उसकी शादी जनवरी 2024 में दिल्ली के एक प्रतिष्ठित होटल में हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुई थी। विवाह समारोह में वधु पक्ष ने करीब 45 लाख रुपये खर्च किए थे। इसके अलावा सोने, चांदी और हीरे के आभूषण सहित अन्य कीमती सामान भी दिया गया था, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 75 लाख रुपये बताई गई है। आरोप है कि शादी के कुछ ही समय बाद ससुराल पहुंचते ही पति, सास और ससुर का व्यवहार बदल गया। विवाहिता पर मायके वालों से दूरी बनाने का दबाव डाला गया और उसे घर में बंधक जैसी परिस्थितियों में रखा गया। इसी दौरान ससुराल पक्ष ने शादी में मिले सामान को अपनी अपेक्षा से कम बताते हुए एक करोड़ रुपये नकद की मांग शुरू कर दी।
गहने कब्जे में लेने का आरोप, पति अकेला चला गया ऑस्ट्रेलिया
पीड़िता का आरोप है कि ससुराल वालों ने विश्वास में लेकर उसके सभी गहने और कीमती सामान अपने कब्जे में कर लिए। मार्च 2024 में पति उसे भारत में छोड़कर अकेले ऑस्ट्रेलिया चला गया। कुछ महीनों बाद नवंबर 2024 में विवाहिता टूरिस्ट वीजा पर अपने पति के पास ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड शहर पहुंची। उसका आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद प्रताड़ना और अधिक बढ़ गई।
ऑस्ट्रेलिया में फ्लैट और नकदी की मांग, वीडियो कॉल पर पिटाई का आरोप
पीड़िता का कहना है कि एडिलेड में पति ने उसके सामने ऑस्ट्रेलिया में फ्लैट खरीदने और एक करोड़ रुपये की व्यवस्था करने की मांग रखी। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की गई। विवाहिता ने आरोप लगाया कि बाद में सास और ससुर भी ऑस्ट्रेलिया पहुंचे और उनके उकसावे पर पति ने उसके साथ हिंसक व्यवहार किया। इतना ही नहीं, वीडियो कॉल के माध्यम से उसके माता-पिता को यह सब दिखाया गया और मांग पूरी न होने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
ऑस्ट्रेलिया पुलिस तक पहुंचा मामला, शेल्टर होम में मिली सुरक्षा
लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर विवाहिता ने ऑस्ट्रेलिया पुलिस से मदद मांगी। शिकायत के बाद वहां की एजेंसियों ने घरेलू हिंसा के आरोपों की जांच शुरू की और आरोपी पति के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। पीड़िता के अनुसार, सुरक्षा कारणों से उसे ऑस्ट्रेलियाई सरकार द्वारा संचालित शेल्टर होम में रखा गया। बाद में उसे स्पाउस वीजा और वहां रहने की वैधानिक अनुमति भी मिल गई। इसी दौरान उसे बहुराष्ट्रीय कंपनी डिलायट में नौकरी मिल गई, जिससे उसने अपने जीवन को दोबारा पटरी पर लाने की कोशिश की।
भारत लौटने पर मिला बंद घर, सामान मांगने पर धमकी
मार्च 2026 में भारत लौटने के बाद जब विवाहिता अपने दिल्ली स्थित ससुराल पहुंची तो घर पर ताला लगा मिला। आरोप है कि जब उसने फोन पर अपने गहने और अन्य सामान वापस मांगा तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद पीड़िता ने कानूनी कार्रवाई का रास्ता अपनाया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति, सास और ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।