झारखंड से बरेली तक नशे का नेटवर्क बेनकाबः एक करोड़ से अधिक की अफीम बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार, कार सीज

-रमेश कुमार सिंह- बरेली। झारखंड से बरेली लाकर बेची जा रही अफीम के संगठित अवैध कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए थाना भमौरा पुलिस और एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 11 किलो से अधिक अफीम बरामद कर झारखंड के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त काली रंग की कार भी जब्त कर ली गई। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है।

Jan 5, 2026 - 18:47
Jan 5, 2026 - 18:51
 0
झारखंड से बरेली तक नशे का नेटवर्क बेनकाबः एक करोड़ से अधिक की अफीम बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार, कार सीज
वह कार, जिससे बरेली पुलिस और एएनटीएफ द्वारा एक करोड़ कीमत की अफीम बरामद की गई। चित्र में गिरफ्तार तस्कर भी हैं।

मुखबिर की सूचना पर सटीक कार्रवाई

थानाध्यक्ष भमौरा सनी चौधरी ने बताया कि मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस व एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने रम्पुरा अंडरपास के पास घेराबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध कार को रोका गया, जिसमें सवार दो अभियुक्तों को मौके पर दबोच लिया गया। पुलिस को देखकर कार चला रहा तीसरा साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

पहाड़ी इलाकों में खेती, बरेली में बिक्री

गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए। अभियुक्त कंडे मुंडा और बल्का मुंडा ने बताया कि वे अपने तीसरे साथी के साथ मिलकर झारखंड के पहाड़ी इलाकों में अफीम की खेती करते हैं और फिर उसे उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों, खासकर बरेली में लाकर ऊँचे दामों पर बेचते हैं।
उन्होंने बताया कि बरेली में एक व्यक्ति से 1 लाख 50 हजार रुपये प्रति किलो के हिसाब से सौदा तय हुआ था और उसी डील को पूरा करने के लिए वे यहां आए थे।

कार के बोनट से निकली अफीम

पुलिस ने अभियुक्तों की काली रंग की आई-20 कार के बोनट से कुल 11 किलो अफीम बरामद की। इसके साथ ही अभियुक्तों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, 9200 रुपये नकद और तस्करी में प्रयुक्त कार जब्त की गई।

झारखंड के रहने वाले हैं दोनों तस्कर

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण इस प्रकार है- कंडे मुंडा, निवासी ग्राम बड़ी निचकेल, थाना अर्की, जिला खूंटी (झारखंड) और बल्का मुंडा, निवासी ग्राम परतापुर, थाना तमाड़, जिला रांची (झारखंड)।

बरामदगी के आधार पर थाना भमौरा में अभियुक्तों के खिलाफ धारा 8/18/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। सोमवार को दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। फरार तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

SP_Singh AURGURU Editor