शराब के नशे में उत्पात, कुबेरपुर रेलवे स्टेशन के पास पथराव, दुकानों में तोड़फोड़
आगरा। आगरा के एत्मादपुर क्षेत्र में स्थित कुबेरपुर रेलवे स्टेशन के पास रविवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शराब के नशे में धुत करीब आधा दर्जन युवकों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि युवकों ने राहगीरों के साथ गाली-गलौज की और फिर अचानक आसपास की दुकानों पर पथराव शुरू कर दिया।

दुकानों में तोड़फोड़, दुकानदारों को नुकसान
पथराव के चलते दो दुकानों का सामान बिखर गया, जिससे दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। अचानक हुए इस उत्पात से बाजार में दहशत फैल गई और लोग अपनी दुकानों के शटर गिराने को मजबूर हो गए।
स्थानीय लोगों ने किया विरोध, युवक छोड़ गए बाइक
हंगामा बढ़ता देख स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और युवकों का विरोध किया। खुद को घिरता देख आरोपी युवक अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए। घटनास्थल पर छोड़ी गई बाइक पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुई।
वीडियो और बाइक नंबर से दो आरोपी हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और मौके से मिली बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में ले लिया है।
तहरीर के बाद दर्ज होगा मुकदमा
छलेसर चौकी प्रभारी कपिल कुमार ने बताया कि वीडियो साक्ष्य के आधार पर दो युवकों को हिरासत में लिया गया है। पीड़ित दुकानदारों से तहरीर ली जा रही है, जिसके बाद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने अन्य फरार युवकों की तलाश तेज कर दी है।