सट्टेबाजी ऐप मामले में उर्वशी रौतेला और मिमी चक्रवर्ती को ईडी ने भेजा समन

उर्वशी रौतेला और मिमी चक्रवर्ती ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले में बुरी फंस गई हैं। ईडी ने अपनी जांच का दायरा बढ़ाते हुए दोनों एक्ट्रेसेस को पूछताछ के लिए तलब किया है। जहां मिमी को 15 सितंबर तो वहीं उर्वशी को 16 सितंबर को ईडी के दफ्तर पहुंचना है।

Sep 14, 2025 - 20:11
Sep 14, 2025 - 20:14
 0
सट्टेबाजी ऐप मामले में उर्वशी रौतेला और मिमी चक्रवर्ती को ईडी ने भेजा समन

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अब एक्ट्रेस उर्वशी रौतेला और बंगाली सिनेमा की हसीना व टीएमसी की पूर्व सांसद मिमी चक्रवर्ती पर शिकंजा कसा है। ईडी ने दोनों को सट्टेबाजी मामले में तलब किया है। जहां उर्वशी को 16 सितंबर को दिल्ली स्थित ईडी के दफ्तर में पेश होना है, वहीं मिमी को इस मामले में 15 सितंबर को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। उर्वशी पहले से ईडी की इस जांच के दायरे में शामिल थीं, पर अब इसे और बढ़ा दिया गया है।

'इंडियाटुडे' की रिपोर्ट के मुताबिक, ईडी से जुड़े सूत्रों ने बताया कि उर्वशी रौतेला और मिमी चक्रवर्ती को वन इंटू बेट ऐप मामले में ईडी के दफ्तर में पेश होने के लिए कहा गया है। इस मामले में अभी तक कई हाई-प्रोफाइल हस्तियों से पूछताछ हो चुकी है, जिनमें पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना और शिखर धवन भी शामिल हैं। अब उर्वशी रौतेला और मिमी चक्रवर्ती को समन भेजा गया है और ईडी के दफ्तर में पेश होने के लिए कहा गया है।

ईडी यह जांच करने में लगी है कि बेटिंग ऐप भारतीय कानून को ताक पर रखकर कैसे सिलेब्रिटीज और खिलाड़ियों के जरिए इस बेटिंग ऐप को प्रमोट किया गया। आरोप है कि भारत में ऑनलाइन सट्टेबाजी को तो बढ़ावा दे ही रहा है, साथ ही इसके जरिए मनी लॉन्ड्रिंग भी की जा रही है।

वैसे, ईडी अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप्स मामले में पहले भी उर्वशी रौतेला से पूछताछ कर चुका है। एक्टर सोनू सूद से भी पूछताछ की गई थी। अब इसी मामले में उर्वशी रौतेला और मिमी चक्रवर्ती की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। ईडी की जांच के घेरे में प्रकाश राज, विजय देवराकोंडा, राणा दग्गुबाती जैसे स्टार्स के भी नाम शामिल हैं। इन पर इस बेटिंग ऐप के प्रचार का आरोप है।