मौलाना तौकीर के बवाल का असरः बरेली में नगर निगम ने दिया 27 घरों को खाली करने के नोटिस
-आरके सिंह- बरेली। बरेली नगर निगम ने हाल ही में हुए बवाल के बाद शहर के वार्ड-54 भूड़ में अपने अधिकार वाली जमीन पर अवैध रूप से बने 27 मकानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को निगम प्रशासन ने 27 अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर 15 दिनों के भीतर कब्जा हटाने को कहा है। इस कदम से क्षेत्र में हलचल मच गई है और स्थानीय लोग वर्षों से लंबित शिकायतों पर कार्रवाई से संतुष्ट नजर आ रहे हैं।
Top of Form
नगर निगम बरेली के एक्सईएन राजीव कुमार राठी ने बताया कि शाहबाद कोहाड़ापीर प्राथमिक विद्यालय के पास विद्युत उपकेंद्र की भूमि निगम की सरकारी संपत्ति है, जिस पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से पक्के मकान और दुकानें बना ली थीं। 8 अक्टूबर को की गई स्थलीय और अभिलेखीय जांच में स्पष्ट हुआ कि जमीन पर अतिक्रमण कर निर्माण कार्य किया गया है।
नोटिस में सभी 27 अतिक्रमणकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे नोटिस की तिथि से 15 दिनों के भीतर कब्जा हटाकर लिखित सूचना निगम कार्यालय को दें। समय पर अनुपालन न होने की स्थिति में नगर निगम स्वयं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करेगा और संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
क्षेत्रीय पार्षद शालिनी जौहरी ने बताया कि इस जमीन पर कब्जे की शिकायत उन्होंने 2004 में भी की थी, लेकिन उस समय कोई कार्रवाई नहीं हुई। 26 सितंबर को मौलाना तौकीर रजा के बवाल के बाद निगम प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए अब इस पर कार्रवाई की है। पार्षद ने बताया कि उस समय मानचित्रकार शमसुल हसन ने इस जमीन को गैर सरकारी बताया था, जबकि यह निगम की संपत्ति है।
नगर निगम की इस कार्रवाई से स्थानीय लोग और शिकायतकर्ता लंबे समय से लंबित मामले में संतुष्ट दिखाई दे रहे हैं। पार्षद शालिनी जौहरी ने कहा कि अब निगम की कार्रवाई से अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ स्पष्ट संदेश गया है कि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।