एमपी के खंडवा में कुएं में जहरीली गैस से आठ लोगों की मौत, रेस्क्यू जारी
मध्य प्रदेश के खंडवा में बड़ा हादसा हो गया है। एक कुएं में डूबने से 8 लोगों की मौत हो गई है। मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है। कुएं के अंदर से 6 लोगों की डेड बॉडी को निकाला गया है।
खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से एक बड़ी खबर आ रही है। कुएं में डूबने से 8 लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें से 6 लोगों का शव बाहर निकाला जा चुका है। घटना गुरुवार शाम को छैगांवमाखन क्षेत्र के कोंडावत गांव की है। बताया जा रहा है कि गणगौर विसर्जन के लिए कुएं की सफाई हो रही थी। जिसके लिए 8 लोग कुएं में उतरे थे।
जानकारी के अनुसार जिस कुएं में मौत हुई है, उसके बगल से नाली निकली है। उसी के रास्ते गांव का गंदा पानी कुएं में जाता है, जिस वजह से कुआं दलदल बन गया है। इसी की सफाई के लिए 8 लोग नीचे उतरे थे। वहां मौजूद लोगों का कहना है कि जहरीली गैस बनने से इन लोगों का दम घुटने लगा। जिससे सभी की मौत हो गई। मृतकों में राकेश पिता हरी, वासूदेव पिता आसाराम, अर्जुन पिता गोविंद, गजानंद पिता गोपाल, मोहन पिता मंसाराम, अजय पिता मोहन, शरण पिता सुखराम, अनिल पिता आत्माराम हैं।