चुनाव आयोग ने तेजस्वी को भेजा नोटिस, दो वोटर कार्ड पर मांगा जवाब

पटना। राष्ट्रीय जनता दल के नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। उन्होंने दावा किया था कि बिहार की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में उनका नाम नहीं है। तेजस्वी के अनुसार उन्होंने जो एपिक नंबर आरएबी2916120 शेयर किया, वो रिकॉर्डस में नहीं है। चुनाव आयोग ने इस पर संज्ञान लेते हुए तेजस्वी यादव को नोटिस जारी करते हुए एपिक नंबर आरएबी2916120 का विवरण मांगा है ताकि इसकी जांच की जा सके।

Aug 3, 2025 - 19:40
 0
चुनाव आयोग ने तेजस्वी को भेजा नोटिस, दो वोटर कार्ड पर मांगा जवाब

 
तेजस्वी यादव को भेजे गए नोटिस में चुनाव आयोग ने कहा, "आपकी ओर से 2 अगस्त 2024 को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आपका नाम प्रारूप मतदाता सूची में नहीं होने की बात बताई गई। जांच में पाया गया कि आपका नाम मतदान केन्द्र संख्या 204 (बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय का पुस्तकालय भवन) के क्रम संख्या 416 पर अंकित है, जिसका एपिक नंबर आरएबी0456228 है।"

चुनाव आयोग ने कहा, "प्रेस कॉन्फ्रेंस में आपने (तेजस्वी यादव) बताया कि आपका एपिक नंबर आरएबी2916120 है। जांच में पाया गया कि ऐसा कोई एपिक नंबर चुनाव आयोग की ओर से जारी ही नहीं किया गया है।" चुनाव आयोग ने तेजस्वी यादव से एपिक नंबर RAB2916120 का पूरा विवरण (वोटर आईडी कार्ड सहित) देने को कहा है, ताकि इस मामले की जांच की जा सके।

चुनाव आयोग ने शनिवार को तेजस्वी यादव के दावों को खारिज करते हुए कहा था कि ड्राफ्ट वोटर लिस्ट के संबंधित हिस्से में उनका नाम क्रम संख्या 416 पर है। इलेक्शन कमीशन ने कहा था कि यदि उन्हें अब भी कोई शिकायत है तो उन्हें निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करना चाहिए।


तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपने फोन को एक बड़ी स्क्रीन से जोड़ा और अपना ईपीआईसी नंबर खोजने की कोशिश की, लेकिन कोई रिकॉर्ड नहीं मिला। इस पर उन्होंने कहा, "मैं खुद मतदाता के रूप में पंजीकृत नहीं हूं। इससे मैं चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य हो जाता हूं। शायद मुझे नागरिक नहीं माना जाएगा और मैं इस घर में रहने के अधिकार से भी वंचित हो जाऊंगा।" दावा किया कि जब बूथ स्तर का अधिकारी उनके यहां गणना प्रपत्र लेकर आया था तो उसने उन्हें कोई रसीद नहीं दी।