हाथरस में बरात की बस में 11 साल के बच्चे का सिर धड़ से अलग हुआ

हाथरस। अलीगढ़ से हाथरस में हसायन क्षेत्र के गांव मेवली के लिए निकली बरात खुशी का कारवां थी, किसी को अंदेशा भी नहीं था कि यह सफर एक परिवार की ज़िंदगी का सबसे भयावह दिन बन जाएगा। बरात की बस में खिड़की के पास बैठा 11 साल का मोहम्मद अली का सिर कटकर अलग हो गया। दरअसल इस मासूम बालक ने चलती बस में से अपना सिर खिड़की से बाहर निकाला ही था कि तभी बराबर से गुजरी डीसीएम की चपेट में आने से सिर कटकर अलग हो गया। बालक का धड़ बस के अंदर था तो सिर कटकर सड़क पर गिर पड़ा था।

Jun 22, 2025 - 17:49
 0
हाथरस में बरात की बस में 11 साल के बच्चे का सिर धड़ से अलग हुआ
हाथरस जंक्शन क्षेत्र के महौ रोड पर रविवार को हुए ह्रदय विदारक हादसे की कुछ तस्वीरें। हादसे में मृत मासूम अली की फाइल फोटो भी है।

-बालक ने खिड़की से बाहर निकाल रखा था सिर, बराबर से गुजरी डीसीएम की रगड़ से हुआ भयावह हादसा

-मासूम का कटा सिर देख पिता हुआ बेहोश, चाचा कटे हुए सिर को हाथों में लेकर दहाड़ें मारकर रो रहा था

-अलीगढ़ से हाथरस के हसायन क्षेत्र में जा रही थी बरात शामिल था मासूम, दोनों वाहनों के चालक गिरफ्तार

जश्न की बस में गूंजा चीखों का शोर

रविवार को अलीगढ़ के मगदूम नगर से दो दूल्हों की बरात हसायन के गांव मेवली रवाना हुई थी। चचेरे भाइयों साहिल और दानिश की शादी थी, पूरा परिवार उत्साह में था। बरात में 11 वर्षीय मोहम्मद अली भी जा रहा था, जो दूल्हों का चचेरा भाई था। वह खिड़की के पास बैठा हुआ था। उसने अपना सिर खिड़की से थोड़ा बाहर निकाला हुआ था।

हाथरस जंक्शन क्षेत्र में महौ रोड पर बस जिस रास्ते से गुजर रही थी, वह बहुंत संकरा था। निर्माणाधीन पुल की वजह से ट्रैफिक जाम जैसी स्थिति बनी हुई थी। बरात बस की आमने-सामने से गुजरते समय एक-दूसरे के बहुत करीब आ गए। इसी एक पल में सब कुछ खत्म हो गया।

मौत का मंजर: सिर अलग, धड़ अलग

डीसीएम की बॉडी ने खिड़की से निकले अली के सिर को इतनी तेज टक्कर मारी कि उसका सिर धड़ से अलग हो गया। इससे बस में बैठे बरातियों की चीखें निकल पड़ीं। खून का फव्वारा फूट पड़ा और पूरा माहौल सन्नाटे में डूब गया। किसी को समझ ही नहीं आया कि क्या हुआ। कुछ ही देर में कार से पीछे आ रहे अली के पिता आस मोहम्मद को जैसे ही हादसे की खबर लगी, वह दौड़ते हुए वहां पहुंचे। सामने अपने बेटे का धड़ और सड़क पर पड़ा सिर देख उनकी हालत पागल जैसी हो गई।

पिता जमीन पर गिर पड़े, चाचा दहाड़ें मारकर रो रहे थे

बेटे की हालत देखकर पिता जमीन पर गिर पड़े। बार-बार बेटे के चेहरे से मिट्टी साफ करते रहे। पास ही खड़े बच्चे के चाचा ने सिर को उठाकर गमछे में लपेटा और खुद फूट-फूटकर रोने लगे। आस मोहम्मद को होश में लाने के लिए लोग पानी पिलाते रहे, सहारा देते रहे, मगर पिता की आंखों में बसी वो तस्वीर शायद जिंदगी भर उनका पीछा नहीं छोड़ेगी।

पोस्टमार्टम हाउस पर सिसकती भीड़

पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। डीसीएम चालक और बस ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम हाउस पर परिजनों और मोहल्ले के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। हर कोई सदमे में था। रिश्तेदार, पड़ोसी और बरातियों समेत सभी की आंखें नम थीं।

मातम में डूबी शादी, पर रुक नहीं सकी रस्में

घटना के बाद बरात में मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। मगर सामाजिक मजबूरियों और तय मुहूर्त के चलते परिवार को दूल्हों को शादी के लिए भेजना पड़ा। दोनों दूल्हे कुछ करीबी लोगों के साथ गांव मेवली के लिए रवाना हुए। बाकी घर मातम में डूबा हुआ था।

सवालों के घेरे में पुल निर्माण और ट्रैफिक व्यवस्था

जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां रेलवे लाइन पर पुल निर्माण कार्य चल रहा है। रास्ता संकरा है, फिर भी भारी वाहनों का आवागमन हो रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल के पास कोई ट्रैफिक मैनेजमेंट नहीं है, न संकेतक हैं, न चेतावनी बोर्ड। ऐसे में हादसा होना तय था।

पुलिस जांच जारी, चालक हिरासत में

हाथरस जंक्शन पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और चालकों से पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की पूरी जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

SP_Singh AURGURU Editor