आगरा चौपाटी पर ईवी युग की शुरुआत, मंडलायुक्त ने किया स्मार्ट चार्जिंग स्टेशन का उद्घाटन
आगरा। शहर को स्मार्ट और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में एक और कदम उठाते हुए आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) द्वारा विकसित ईवी चार्जिंग स्टेशन का आज मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने आगरा चौपाटी पर फीता काटकर शुभारंभ किया। यह चार्जिंग स्टेशन आधुनिक तकनीक और उपयोगकर्ता सुविधा को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।
-सेल्फ सर्विस आधारित सिस्टम से चार्ज होगी इलेक्ट्रिक कार, एक बार में दो वाहन चार्ज करने की सुविधा
60 किलोवाट क्षमता, एक बार में दो चार पहिया वाहन चार्ज
इस स्टेशन पर 60 किलोवाट क्षमता वाला एक चार्जिंग प्वाइंट स्थापित किया गया है, जिसमें एक साथ दो इलेक्ट्रिक चार पहिया वाहन चार्ज किए जा सकते हैं। स्टेशन पूरी तरह सेल्फ सर्विस आधारित है, जिससे उपयोगकर्ता बिना किसी सहायता के गाड़ी चार्ज कर सकते हैं।
मोबाइल एप से पेमेंट और जानकारी, क्यूआर कोड की सुविधा
चार्जिंग स्टेशन पर एक सूचना बोर्ड और क्यूआर कोड लगाया गया है, जिससे उपयोगकर्ता संबंधित एजेंसी की मोबाइल एप्लीकेशन डाउनलोड कर सकते हैं। इसके माध्यम से वे ऑनलाइन पेमेंट कर गाड़ी की चार्जिंग शुरू कर सकते हैं। एप पर ही यह जानकारी उपलब्ध होगी कि वाहन कितना चार्ज हो चुका है और कितनी चार्जिंग शेष है।
मंडलायुक्त ने बताया इसे भविष्य की जरूरत
शुभारंभ के दौरान मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि इलेक्ट्रिक व्हीकल्स भविष्य की जरूरत हैं। इस तरह के चार्जिंग स्टेशन से न केवल पर्यावरण को लाभ मिलेगा, बल्कि जनता को सुविधाजनक और आधुनिक सेवाएं भी मिलेंगी।
स्थानीय लोग हुए उत्साहित, चौपाटी पर बढ़ेगी आवाजाही
आगरा चौपाटी जैसे सार्वजनिक स्थल पर चार्जिंग स्टेशन खुलने से न केवल पर्यावरणीय चेतना बढ़ेगी, बल्कि चौपाटी पर आने-जाने वाले लोगों को अतिरिक्त सुविधा भी मिलेगी। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना की और उम्मीद जताई कि भविष्य में ऐसे स्टेशन शहर के अन्य हिस्सों में भी स्थापित किए जाएंगे।