सर्राफा बाजार में चोरी का नाकाम प्रयास, चांदी के कड़े उड़ाने वाला आरोपी रंगे हाथ पकड़ा गया

आगरा। थाना कोतवाली क्षेत्र के सेब का बाजार में गुरुवार शाम उस समय खलबली मच गई , जब एक सर्राफा दुकान से चांदी के कड़े चोरी करने आए बदमाशों की चालाकी नाकाम हो गई। दुकान के कर्मचारियों और आसपास के व्यापारियों की सतर्कता से एक आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया गया, जबकि उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए।

Dec 26, 2025 - 20:54
 0
सर्राफा बाजार में चोरी का नाकाम प्रयास, चांदी के कड़े उड़ाने वाला आरोपी रंगे हाथ पकड़ा गया
इमेज फोटो

सेब का बाजार स्थित ज्वैलर्स की दुकान में ग्राहक बनकर आए चोर, सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात

आगरा। थाना कोतवाली क्षेत्र के सेब का बाजार में गुरुवार शाम उस समय खलबली मच गई , जब एक सर्राफा दुकान से चांदी के कड़े चोरी करने आए बदमाशों की चालाकी नाकाम हो गई। दुकान के कर्मचारियों और आसपास के व्यापारियों की सतर्कता से एक आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया गया, जबकि उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार सेब का बाजार स्थित कमल ज्वैलर्स में शाम करीब छह बजे एक युवक ग्राहक बनकर चांदी का कड़ा देखने आया। कर्मचारी उसे कड़े दिखा ही रहे थे कि तभी उसके चार अन्य साथी दुकान में प्रवेश कर गए। सभी ने मिलकर कर्मचारियों को बातचीत में उलझा लिया और इसी दौरान चांदी के कड़े चोरी कर लिए।

कड़ा जेब में रखते देख खुली पोल

चोरी के दौरान एक युवक को कर्मचारी ने कड़ा जेब में रखते हुए देख लिया। आरोपी अपने साथियों के साथ तेजी से दुकान से बाहर निकलकर भागने लगा। कर्मचारियों ने शोर मचाया और पीछा किया। शोर सुनकर आसपास के दुकानदार भी सक्रिय हो गए और एक आरोपी को पकड़ लिया गया।

तलाशी में बरामद हुए दो चांदी के कड़े

पकड़े गए युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी के दो चांदी के कड़े बरामद हुए। इसके बाद आरोपी को तत्काल कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके फुटेज पुलिस को सौंपे गए हैं।

मुकदमा दर्ज, आरोपी जेल भेजा गया

कमल ज्वैलर्स के प्रबंधक देवांश जैन की तहरीर पर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि कुल दस चांदी के कड़े चोरी हुए हैं। गिरफ्तार युवक की पहचान शालू उर्फ खलीकउद्दीन, निवासी नहरा गली, नाई की मंडी के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों के नाम और पते की जानकारी भी पुलिस को दी है।

इंस्पेक्टर कोतवाली भानु प्रताप सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं।