सऊदी अरब और हूतियों में भीषण जंग, मक्का में हमले का पहली बार जारी किया अलर्ट, यमन पर भारी बमबारी
सऊदी अरब और यमन के हूती विद्रोहियों में सैन्य संघर्ष के बीच मक्का पर हवाई हमले का अलर्ट जारी हुआ है। यह पहली बार है, जब मक्का पर हमले का खतरा जताया गया है। इस बीच सऊदी अरब ने यमन पर भीषण हमला किया है, जिनमें कई लोगों की मौतें हुई हैं। वहीं, हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब पर हमले की चेतावनी दी है।
रियाद। सऊदी अरब और ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों में सैन्य संघर्ष बढ़ता ही जा रहा है। मंगलवार को हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब पर यमन में दर्जनों हवाई हमले करने का आरोप लगाया। वहीं, सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के मिसाइल और ड्रोन हमलों का कड़ा जवाब देने की कसम खाई है। इस बीच सऊदी नागरिक सुरक्षा ने पवित्र शहर मक्का के लिए हवाई हमले का अलर्ट जारी किया। यह पहली बार था, जब मक्का पर हवाई हमले का खतरा जताया गया, हालांकि कुछ देर बाद ही कहा गया कि खतरा टल गया है। सऊदी नागरिक सुरक्षा ने हवाई हमले की जो चेतावनी जारी की थी, उनमें मक्का के अलावा जेद्दा, तैफ, आभा, जाजान प्रांत, अल उला प्रांत और यानबू प्रांत के भी कई इलाके शामिल थे।
इस अलर्ट में सऊदी नागरिक सुरक्षा ने स्थानीय लोगों को भीड़ इकट्ठा होने और वीडियो बनाने से बचने और आपात स्थिति में 911 पर कॉल करने की सलाह दी। चेतावनी जारी रहने तक निवासियों को घर के अंदर रहने और खुले स्थानों, खिड़कियों, कांच, बालकनियों और छतों से दूर रहने के लिए कहा गया था। बाहर मौजूद लोगों को नजदीक स्थित घरों या इमारतों में छिपने या किसी ठोस अवरोध के पीछे शरण लेने का निर्देश दिया गया था। वहीं, हूती विद्रोहियों के हमलों में खमीस मुशैत, आभा और तैफ प्रांत में मामूली से मध्यम स्तर का नुकसान पहुंचा। हूतियों के हमलों में सात घर और दो गाड़ियां नष्ट हुई हैं।
हूती विद्रोहियों ने कहा कि सऊदी अरब ने पिछले 24 घंटों में लाहज, तैज, अल-जॉफ, मारिब और हज्जा प्रांतों में 54 हवाई हमले किए। समूह ने कहा कि सऊदी अरब के हवाई हमलों में तैज़ प्रांत के खादिर जिले में स्थित सरकारी परिसर को निशाना बनाया गया, जिससे लोग घायल हो गए। हूती सेना के प्रवक्ता याह्या सरी ने कहा कि खामिस मुशैत और तैफ में सऊदी हवाई अड्डों से संचालित होने वाले एफ-15 और टाइफून लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल हमलों में किया गया था। विद्रोहियों ने सऊदी अरब को जवाबी कार्रवाई की धमकी दी है। हूती समर्थक मीडिया ने बताया कि सऊदी अरब के हमलों में तैज प्रांत के धुबाब और मकबानाह जिलों में दो बच्चों सहित तीन नागरिकों की मौत हो गई और कम से कम दो अन्य घायल हुए हैं।
यमन के हूती विद्रोहियों ने सोमवार को दावा किया कि उन्होंने दक्षिण-पश्चिमी सऊदी अरब में स्थित एक प्रमुख सैन्य एयरबेस पर दर्जनों बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया। हूती समूह द्वारा संचालित अल-मसीरा टीवी पर जारी बयान में सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने कहा कि समूह ने यमन की सीमा के पास दक्षिण-पश्चिमी सऊदी शहर खमीस मुशैत स्थित किंग खालिद एयरबेस को निशाना बनाकर दर्जनों बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन दागे। सरी के अनुसार, हमले में एयरबेस के लड़ाकू विमानों के हैंगर, रडार सिस्टम, रनवे, गोला-बारूद भंडार और अन्य सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया। उन्होंने दावा किया कि हमले सटीक और सीधे थे और इससे एयरबेस को भारी नुकसान पहुंचा। हालांकि, सऊदी अधिकारियों की ओर से हूती के दावे पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।