गुजरात के बनासकांठा में पटाखा फैक्ट्री में आग, 17 लोग मरे

गुजरात के बनासकांठा के डीसा के औद्योगिक क्षेत्र में पटाखा फैक्ट्री में आग लगने के बाद कई धमाके हुए। अधिकारी ने बताया कि इस हादसे में 17 लोगों की मौत हो गई।

Apr 1, 2025 - 14:47
 0
गुजरात के बनासकांठा में पटाखा फैक्ट्री में आग, 17 लोग मरे

गांधीनगर। गुजरात के बनासकांठा जिले के डीसा कस्बे में आज एक पटाखा फैक्ट्री में आग लग जाने से 17 लोगों की मौत हो गई। आग की सूचना के बाद फायर ब्रिगेड के साथ एसडीआरएफ की टीम रेस्क्यू के लिए पहुंची। यह हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ। फैक्ट्री धुनवा रोड पर स्थित है।

डीसा ग्रामीण पुलिस थाने के निरीक्षक विजय चौधरी ने बताया कि कस्बे के निकट स्थित फैक्ट्री में आग लगने के बाद हुए सिलसिलेवार विस्फोटों के कारण उसके कुछ हिस्से ढह जाने से कई श्रमिक फंस गए।

वहीं बनासकांठा कलेक्टर मिहिर पटेल ने कहा,'' आज सुबह हमें डीसा के औद्योगिक क्षेत्र में एक बड़े विस्फोट की सूचना मिली। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। कई घायल मजदूरों को अलग-अलग अस्पतालों में रेफर किया गया। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि फैक्ट्री का स्लैब ढह गया।''

आग इतनी भीषण थी कि गोदाम का मलबा 200 मीटर दूर तक उछला। मृत श्रमिकों के अंग दूर-दूर तक बिखर गए। आग कांड के बाद जेसीबी की मदद से मलबा को हटाया गया। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़ भी सकती है। क्योंकि संदेह है कि दुर्घटना के समय 20 से अधिक लोग मौजूद थे। अब तक 17 शव बरामद किए गए हैं। चार लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गोदाम में केवल भंडारण की अनुमति थी, जबकि यहां गोदाम के नाम पर पटाखा फैक्ट्री चल रही थी। दावा है कि गोदाम में बॉयलर के कारण भीषण आग लग गई। गोदाम में विस्फोट के बाद मालिक फरार हो गया।