महालक्ष्मी मंदिर में 1 सितंबर से पांच दिवसीय जन्माष्टमी महोत्सव, 11 किलो की सतरंगी पोशाक बनेगी आकर्षण
आगरा। यमुना तट बल्केश्वर स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर में श्री देवी जी ट्रस्ट एवं श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल के संयुक्त तत्वावधान में 1 से 5 सितंबर तक 18वां श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव मनाया जाएगा। पांच दिवसीय महोत्सव में मेहंदी उत्सव, म्यूजिक भजन कंसर्ट, निशान यात्रा, सतरंगी पोशाक यात्रा, भजन संध्या, फूल बंगला, छप्पन भोग और विशाल श्याम रसोई जैसे आयोजन होंगे। इस बार मां महालक्ष्मी को अर्पित की जाने वाली 11 किलो की सतरंगी पोशाक और भव्य निशान यात्रा प्रमुख आकर्षण रहेंगी।
महोत्सव के आमंत्रण पत्र का विमोचन सोमवार को वाटर वर्क्स स्थित अतिथि वन में किया गया। श्री देवी जी ट्रस्ट के राम मोहन कपूर, सतीश गोपाल कपूर, अपिल कपूर, तुषार कपूर एवं संजय कपूर ने मां महालक्ष्मी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव की तैयारियां 29 अगस्त को भट्टी पूजन से शुरू होंगी, जबकि 1 सितंबर को भूमि पूजन के साथ महोत्सव की औपचारिक शुरुआत होगी। महामंत्री मनोज जैन एवं कोषाध्यक्ष अशोक सिंघल ने बताया कि 2 सितंबर को ‘कान्हा के नाम की मेहंदी’ का आयोजन होगा। इसी दिन शाम सात बजे पहली बार म्यूजिक भजन कंसर्ट होगा, जिसमें अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त वल्लभा बैंड प्रस्तुति देगा।
निशान और पोशाक यात्रा में दिखेगा भक्ति उत्साह
3 सितंबर को सुबह सात बजे बल्केश्वर महादेव मंदिर से जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर तक निशान यात्रा निकलेगी। मार्ग में श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा और इत्रवर्षा से स्वागत किया जाएगा। शाम छह बजे राधानगर से श्री महालक्ष्मी मंदिर तक पोशाक यात्रा होगी। इस वर्ष वृंदावन से तैयार होकर आने वाली 11 किलो की सतरंगी और आकर्षक कढ़ाई वाली पोशाक मां महालक्ष्मी को अर्पित की जाएगी।
4 सितंबर को भव्य श्याम दरबार
4 सितंबर को भव्य भजन संध्या में प्रख्यात गायक बजराज सिंह लक्खा तथा कानपुर की शर्मा सिस्टर्स बेटू एवं आल्या शर्मा भजनों की प्रस्तुति देंगी। इस दौरान 40×100 फीट का विशाल श्याम दरबार सजाया जाएगा और पंडित सीताराम शर्मा श्याम बाबा का विशेष श्रृंगार करेंगे। इसी दिन मां महालक्ष्मी का वाटिका थीम पर फूल बंगला सजाकर छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा।
आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में पवन जैन, विनोद राठौर, मनीष गुप्ता, हेमेन्द्र मोहता, रोहित अग्रवाल, रोहित गोयल, अंशु मित्तल, अजय अग्रवाल, अखिलेश गुप्ता, संजय शर्मा पंडित जी, सुशील गुप्ता, राकेश अग्रवाल, दिलीप भंडारी, अमित मित्तल, सुमित अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, आदर्श नंदन गुप्ता, भोलानाथ अग्रवाल, मनीष गोयल, बंटी पाल, हरिओम बाबा पार्षद, दयाल कालरा, ध्रुव, निर्भय मित्तल, अतुल अग्रवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।