सीएम योगी की नाराजगी के बाद चाइनीज मांझे पर पुलिस का प्रहार, बरेली में सख्त छापेमारी अभियान
-आरके सिंह- बरेली। लखनऊ में चाइनीज मांझे से हुई दर्दनाक मौत के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देशों के क्रम में बरेली जनपद में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। गुरुवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मांझा नगरी के नाम से मशहूर बरेली में छापेमारी कर जानलेवा मांझा बेचने वालों पर शिकंजा कस दिया।
विशेष अभियान का नेतृत्व एसपी सिटी मानुष पारीक एवं एडीएम सिटी सौरभ दुबे ने किया। किला थाना क्षेत्र अंतर्गत बाकरगंज में की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मांझा निर्माण और बिक्री से जुड़े ठिकानों की सघन जांच की। मौके पर एएसपी सोनाली मिश्रा एवं थाना किला के इंस्पेक्टर सुभाष कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
एसपी सिटी मानुष पारीक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शासन के निर्देशों के अनुपालन में यह अभियान शुरू किया गया है। मांझा निर्माताओं और विक्रेताओं को सख्त चेतावनी दी गई है कि किसी भी हाल में जानलेवा चाइनीज मांझे का उत्पादन, भंडारण या बिक्री न की जाए। उन्होंने कहा कि चाइनीज मांझा आमजन के लिए गंभीर खतरा बन चुका है और इसके खिलाफ कठोर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
छापेमारी के दौरान टीम ने वहां मौजूद केमिकल्स, रंग और पिसी हुई कांच के मिश्रण की जांच की। सैंपल एकत्र कर यह सुनिश्चित करने की प्रक्रिया शुरू की गई कि मांझा निर्माण में किसी भी प्रतिबंधित सामग्री का प्रयोग तो नहीं किया जा रहा है। चोरी-छिपे प्रतिबंधित मांझा बेचने वालों को मौके पर ही कड़ी चेतावनी दी गई।
एडीएम सिटी सौरभ दुबे ने कहा कि पूरे जनपद में यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि बरेली का मांझा दुनिया भर में अपनी पहचान रखता है, लेकिन चाइनीज मांझे की एंट्री ने इस परंपरा को बदनाम और खतरनाक बना दिया है। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आसमान में उड़ने वाली पतंगों की डोर किसी की जान न ले।
पुलिस ने दुकानदारों और निर्माताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि प्रतिबंधित मांझा कहीं भी पाया गया, तो कठोर कानूनी कार्रवाई तय है।
Top of Form