पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश कलमाड़ी का निधन, पुणे में ली अंतिम सांस
पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश कलमाड़ी का पुणे के अस्पताल में 82 साल की उम्र में निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार आज ही दोपहर 3.30 बजे पुणे में किया जाएगा।
नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेश कलमाड़ी का लंबी बीमारी के बाद 82 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्हें पुणे के दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके पार्थिव शरीर को दोपहर 2 बजे तक पुणे शहर के कलमाड़ी हाउस, एरंडवणे में रखा जाएगा। कलमाड़ी के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार आज दोपहर 3.30 बजे पुणे के वैकुंठ श्मशान भूमि, नवी पेठ में होगा।
सुरेश कलमाड़ी ने पुणे के फर्ग्युसन कॉलेज से पढ़ाई की। उन्होंने नेशनल डिफेंस अकादमी (NDA) खड़कवासला से स्नातक किया। साल 1965 में पायलट के तौर पर सुरेश कलमाड़ी भारतीय वायुसेना से जुड़े। कलमाड़ी ने 1965 के साथ-साथ 1971 की जंग में भी हिस्सा लिया था। बताया जाता है कि सुरेश कलमाड़ी के पिता डॉ. के शामराव पुणे के मशहूर समाजसेवी थे। पुणे में कन्नड़ स्कूल और कन्नड़ संघ की शुरुआत कलमाड़ी के पिता ने ही की थी। इसके पीछे की वजह यह थी कि कलमाड़ी का परिवार कर्नाटक का रहने वाला था।