अमृतसर में जहरीली शराब पीने से 14 की मौत

अमृतसर। अमृतसर के मजीठा एरिया में जहरीली शराब पीने से 14 लोगों की मौत हो गई है जबकि 6 लोग गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। अमृतसर पुलिस के मुताबिक, मजीठा थाने में इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

May 13, 2025 - 12:44
 0
अमृतसर में जहरीली शराब पीने से 14 की मौत

घटना सोमवार (12 मई) की रात की बताई जा रही है। फिलहाल, पुलिस की टीम शराब के स्त्रोत की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि रविवार (11 मई) की शाम को एक ही जगह से यह शराब खरीदी गई थी। इनमें से कुछ लोगों की सोमवार की सुबह ही मौत हो गई थी, लेकिन पुलिस को सूचना नहीं मिली।

अमृतसर की डिप्टी कमिश्नर साक्षी साहनी ने जानकारी दी है कि जहरीली शराब मामले में अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया, ''हमें पंजाब सरकार की तरफ से ऐसे लोगों के खिलाफ एक्शन लेने की छूट दी गई है। जो भी उसमें शामिल हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जााएगी।''
वहीं, अमृतसर डिप्टी कमिश्नर ने आगे बताया, ''जहरीली शराब के जो भी सप्लायर थे और जो लोग भी इसमें शामिल थे, उनकी गिरफ्तारी की जा चुकी है। जहरीली शराब का असर 5 गांव में देखा गया है। आशंका है कि इन सभी लोगों ने एक ही सप्लायर और एक ही जगह से शराब खरीदी है। सरकार की तरफ से पूरी सहायता दी जा रही है।''

उपायुक्त साक्षी साहनी ने बताया कि उन्हें सोमवार रात इस घटना की सूचना मिली थी। हमारी मेडिकल टीम लोगों की जांच कर रही है। जिसने भी शराब का सेवन किया है उसे अस्पताल भेजा जा रहा है। 

एसएसपी अमृतसर मनिंदर सिंह ने जानकारी दी है कि पुलिस को सोमवार रात करीब 9:30 बजे सूचना मिली कि यहां नकली शराब पीने से लोगों की मौत हो रही है। तुरंत कार्रवाई कर 4 लोगों को हिरासत में लिया गया। इनमें मुख्य सप्लायर परबजीत सिंह भी शामिल है।