इरादतनगर के एक गांव में किशोरी से गैंगरेप, गांव वालों ने एक आरोपी को मौके से पकड़ा

  आगरा। थाना इरादतनगर क्षेत्र के एक गांव में बीती रात एक नाबालिग लड़की के साथ गांव के ही दो युवकों द्वारा गैंगरेप किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। लड़की की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे गांव वालों ने मौक़े से एक किशोर को पकड़ लिया और जमकर पिटाई की।

Nov 19, 2024 - 22:57
Nov 20, 2024 - 16:24
 0
इरादतनगर के एक गांव में किशोरी से गैंगरेप, गांव वालों ने एक आरोपी को मौके से पकड़ा

पुलिस की हिरासत इस अभियुक्त का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि दूसरा आरोपी घटनास्थल से भाग जाने में कामयाब रहा। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार पीड़िता के परिवार के सभी लोग सोमवार की रात एक विवाह समारोह में गए हुए थे। पीड़िता घर पर अकेली थी। लड़की, जिसकी उम्र क़रीब 14-15 साल बताई जा रही है, वह रात क़रीब दस बजे घर के बाहर बंधे पशुओं को देखने के लिए बाहर आई थी। इसी समय गांव के ही दो युवक गोपाली और कृष्णकांत वहां पहुंचे और लड़की को दबोच लिया। उसके साथ दुष्कर्म करने लगे।

दोनों युवकों की पकड़ से अपने को मुक्त कराने के लिए लड़की ने चिल्लाना शुरू कर दिया। लड़की के चिल्लाने की आवाज़ सुनकर आसपास के लोग आ गए। गांव वालों को अपनी ओर आता देख दोनों लड़के भागने लगे। गांव वालों ने इनमें से एक गोपाली को दबोच लिया और उसकी जमकर पिटाई की। इस बीच दूसरा लड़का कृष्णकांत गांव वालों की पकड़ में नहीं आ सका। कृष्णकांत शादीशुदा है।

इस बीच गांव के लोगों ने थाना इरादतनगर पुलिस को इस घटना की सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस आनन-फानन में मौक़े पर पहुंच गई। पुलिस ने गांव वालों द्वारा पकड़े गए लड़के गोपाली को अपनी हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया। ग्रामीणों द्वारा की गई मारपीट से इस आरोपी को चोटें आई हैं।

इस मामले में परिवारवालों की तहरीर पर दोनों लड़कों के खिलाफ नामज़द मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दूसरे लड़के की तलाश में जुटी हुई है।

SP_Singh AURGURU Editor