इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में भी गिल की सेंचुरी, भारत का पहले दिन का स्कोर पांच विकेट पर 310 रन

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ कमाल का प्रदर्शन जारी रखते हुए दूसरे टेस्ट मैच में भी सेंचुरी ठोक दी है। उन्होंने पिछले मैच में भी शतक जड़ा था।  बर्मिंघम टेस्ट में पहले दिन का खेल समाप्त होने तक भारतीय टीम ने 5 विकेट के नुकसान पर 310 रन बना लिए हैं।

Jul 2, 2025 - 23:31
 0
इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में भी गिल की सेंचुरी, भारत का पहले दिन का स्कोर पांच विकेट पर 310 रन

 
बर्मिंघम। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला बर्मिंघम में आज से शुरू हो चुका है। इस मुकाबले में टॉस इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। हालांकि भारतीय बल्लेबाजों ने उनके इस फैसले को गलत साबित कर दिया। खासकर टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल पहले दिन के हीरो रहे हैं। गिल ने दिन खत्म होने से पहले ही एक शानदार शतक ठोक दिया है।

 बर्मिंघम टेस्ट में पहले दिन का खेल समाप्त होने तक भारतीय टीम ने 5 विकेट के नुकसान पर 310 रन बना लिए हैं। पहले दिन स्टंप्स तक कप्तान शुभमन गिल ने 114 रन बना लिए हैं और उनके साथ रवींद्र जडेजा 41 रन बनाकर खेल रहे हैं। पहले दिन यशस्वी जायसवाल भी चमके, जिनकी 87 रनों की तेजतर्रार पारी ने टीम इंडिया को बढ़िया शुरुआत दिलाई थी।

दूसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी। टीम इंडिया पहले बैटिंग करने उतरी, जायसवाल बढ़िया लय में दिखे लेकिन लीड्स टेस्ट के शतकवीर केएल राहुल महज 2 रन बनाकर आउट हो गए। करुण नायर को बर्मिंघम टेस्ट में नंबर-3 पर बैटिंग करने का अवसर मिला। चूंकि साई सुदर्शन को ड्रॉप किया गया था. नायर को अच्छी शुरुआत तो मिली, लेकिन 31 रन बनाकर आउट हो गए।

जायसवाल ने एक छोर संभाला हुआ था, उन्होंने नायर के साथ 80 रनों की पार्टनरशिप की। वहीं ऋषभ पंत के साथ मिलकर उन्होंने 66 रनों की पार्टनरशिप की। पंत ने दिन के तीसरे सेशन में ताबड़तोड़ अंदाज में बैटिंग करनी शुरू की थी, लेकिन 25 रन बनाकर आउट हो गए। टीम मैनेजमेंट ने दूसरे टेस्ट के लिए नितीश कुमार रेड्डी को मौका दिया था, लेकिन वो सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए।