वैश्विक युद्ध की मार से रसोई तक हाहाकार: आगरा में एसओएस भोजनालय बना संकट की जिंदा तस्वीर
आगरा। अमेरिका, इज़राइल और ईरान के बीच जारी तनावपूर्ण संघर्ष का असर अब भारत की आम रसोई तक साफ दिखाई देने लगा है। वैश्विक स्तर पर ऊर्जा संकट गहराने के चलते एलपीजी गैस की कीमतों में उछाल और आपूर्ति में कमी ने आम लोगों की जिंदगी मुश्किल कर दी है। इस संकट की जमीनी हकीकत आगरा के एसओएस भोजनालय का निरंतर संचालन एक केस स्टडी बन गई है, जहां सस्ती थाली परोसने की सामाजिक पहल अब आर्थिक दबाव में कराह रही है।
वैश्विक संघर्ष का सीधा असर भारतीय रसोई पर
अंतरराष्ट्रीय तनाव के चलते ऊर्जा बाजार में अस्थिरता आई है, जिसका सीधा असर भारत में एलपीजी गैस की कीमतों पर पड़ा है। गैस सिलेंडर महंगे होने के साथ-साथ उनकी उपलब्धता भी प्रभावित हुई है। नतीजतन, आम नागरिकों—खासकर ऑटो चालकों, दिहाड़ी मजदूरों और छोटे कामगारों को रोजमर्रा के खर्चों में भारी दबाव झेलना पड़ रहा है।
एसओएस भोजनालय: सेवा से संघर्ष तक का सफर
एसओएस भोजनालय एक सामाजिक पहल है, जिसका उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को सस्ती दरों पर भोजन उपलब्ध कराना है। यहां एक थाली की वास्तविक लागत लगभग 20 रुपये थी, जिसे मात्र 10 रुपये में परोसा जाता था और शेष खर्च स्पॉन्सर्स द्वारा उठाया जाता था।
प्रतिदिन लगभग 100 थालियां तैयार होती हैं, जिसके लिए रोजाना 1000 रुपये और मासिक करीब 30,000 रुपये की स्पॉन्सरशिप की जरूरत होती है, लेकिन गैस की कीमतों में बढ़ोतरी ने इस संतुलन को बिगाड़ दिया है।
रसोइया मातादीन की मजबूरी ने खोली हकीकत
भोजनालय में काम करने वाले रसोइया मातादीन की स्थिति इस संकट की गंभीरता को उजागर करती है। गैस की किल्लत के चलते उन्हें पूरा दिन सिलेंडर के लिए भटकना पड़ा। लंबी कतारों और भारी सिलेंडर ढोने के बाद भी जब गैस नहीं मिली, तो उन्होंने मजबूरी में घर पर चूल्हा बनाकर खाना पकाने का प्रयास किया।
इस जद्दोजहद में न सिर्फ भोजनालय उस दिन बंद रहा, बल्कि मातादीन की दिहाड़ी भी चली गई।
सस्ती थाली या बढ़ती कीमतें—भोजनालय के सामने दुविधा
अब भोजनालय के सामने बड़ा सवाल खड़ा है कि क्या थाली को 10 रुपये में ही जारी रखा जाए और अतिरिक्त बोझ स्पॉन्सर्स पर डाला जाए, या कीमत बढ़ाकर जरूरतमंदों पर भार डाला जाए? दोनों ही विकल्प चुनौतीपूर्ण हैं।
संकट में सामाजिक जिम्मेदारी की जरूरत
ऐसे समय में केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। समाज के हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।
व्यवहार विज्ञानी और एसओएस भोजनालय के जनक डॊ. नवीन गुप्ता कहते हैं, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने भी युद्धकाल में एक समय भोजन छोड़ने की अपील कर देश को एकजुट किया था। आज भी उसी भावना से प्रेरणा लेने की जरूरत है। छोटे-छोटे कदम, जैसे अनावश्यक दावतों से बचना और गैस की खपत कम करना इस संकट से निपटने में मददगार हो सकते हैं।
स्थानीय पहल पर वैश्विक असर की बड़ी तस्वीर
एसओएस भोजनालय की यह केस स्टडी बताती है कि वैश्विक स्तर पर होने वाले संघर्ष किस तरह स्थानीय स्तर पर सामाजिक पहलों और आम जनता को प्रभावित करते हैं। यह सिर्फ एक भोजनालय की कहानी नहीं, बल्कि देशभर में चल रही ऐसी अनेक पहलों की सच्चाई है।