सरकारी नौकरियों से रुका खिलाड़ियों का पलायन, 50 साल बाद सीनियर नेशनल में मजबूती से लौटी यूपी की वॉलीबॉल टीमें, आगरा में बोले यूपी वॉलीबॉल एसोसिएशन के सचिव सुनील तिवारी

आगरा। उत्तर प्रदेश में वर्षों से चली आ रही वह स्थिति, जिसमें मिनी व यूथ स्तर तक तैयार की गई वॉलीबॉल की नर्सरी सीनियर स्तर पर पहुंचते-पहुंचते अन्य प्रदेशों में पलायन कर जाती थी, अब तेजी से बदल रही है। सरकारी प्रयासों और खिलाड़ियों को रोजगार मिलने के कारण यूपी से प्रतिभाओं का पलायन काफी हद तक रुक गया है। इसका सीधा लाभ अब सीनियर स्तर पर प्रदेश की टीमों के प्रदर्शन में साफ दिखाई देने लगा है। यह बातें उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल एसोसिएशन के सचिव सुनील कुमार तिवारी ने आगरा के एकलव्य स्टेडियम में कही।

Jan 30, 2026 - 23:04
 0
सरकारी नौकरियों से रुका खिलाड़ियों का पलायन, 50 साल बाद सीनियर नेशनल में मजबूती से लौटी यूपी की वॉलीबॉल टीमें, आगरा में बोले यूपी वॉलीबॉल एसोसिएशन के सचिव सुनील तिवारी
उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल एसोसिएशन के सचिव सुनील कुमार तिवारी।

उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल एसोसिएशन के सचिव सुनील कुमार तिवारी एकलव्य स्टेडियम में आयोजित अखिल भारतीय आमंत्रण प्राइजमनी वॉलीबॉल प्रतियोगिता के पर्यवेक्षण के लिए आगरा पहुंचे थे। इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार लाखन सिंह बघेल के साथ बातचीत में उन्होंने कहा कि पहले यूपी के खिलाड़ी मिनी और यूथ वर्ग तक तो शानदार प्रदर्शन करते थे, लेकिन सीनियर स्तर पर पहुंचते-पहुंचते रोजगार की तलाश में अन्य प्रदेशों का रुख कर लेते थे। नतीजा यह होता था कि सीनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में यूपी की टीम को अपने ही प्रशिक्षित खिलाड़ियों के खिलाफ खेलना पड़ता था, जो दूसरे राज्यों की ओर से मैदान में उतरते थे।

सुनील कुमार तिवारी ने कहा कि मौजूदा सरकार द्वारा खिलाड़ियों को दी जा रही सुविधाएं और विभिन्न विभागों, विशेषकर पुलिस आदि में होनहार खिलाड़ियों को नौकरी मिलने से यह स्थिति अब काफी हद तक बदल गई है। खिलाड़ियों को प्रदेश में ही भविष्य दिखने लगा है, जिससे पलायन रुका है।

उन्होंने बताया कि इसका सकारात्मक परिणाम हाल ही में 4 से 11 जनवरी तक वाराणसी में आयोजित राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में देखने को मिला। यूपी की महिला टीम क्वार्टरफाइनल तक पहुंची, जबकि पुरुष टीम प्री-क्वार्टरफाइनल तक पहुंचने में सफल रही। यह उपलब्धि कई दशकों बाद हासिल हुई है। तिवारी ने याद दिलाया कि वर्ष 1975 में यूपी ने राष्ट्रीय सीनियर वॉलीबॉल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता था। लगभग 50 वर्षों के बाद सीनियर नेशनल में क्वार्टर और प्री-क्वार्टर तक पहुंचना प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि है।

पूर्व में भारतीय वॉलीबॉल संघ के कोषाध्यक्ष रह चुके सुनील कुमार तिवारी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी यूपी की भागीदारी का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में थाईलैंड में हुई अंडर-16 एशियन वॉलीबॉल चैंपियनशिप में भारत ने कांस्य पदक जीता था, जिसमें यूपी के पांच खिलाड़ियों ने टीम का प्रतिनिधित्व किया।

उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लंबे और प्रतिभाशाली खिलाड़ी बड़ी संख्या में उभर रहे हैं। प्रदेश में अयोध्या, मैनपुरी, प्रयागराज, देवरिया और आजमगढ़ में संचालित पांच वॉलीबॉल छात्रावासों से मजबूत नर्सरी तैयार हो रही है, जो भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेगी।

आगरा जिला वॉलीबॉल संघ के चुनाव जल्द

इसी दौरान यूपी वॉलीबॉल एसोसिएशन के सचिव सुनील कुमार तिवारी ने आगरा जिला वॉलीबॉल संघ को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि आगरा जिला वॉलीबॉल संघ के चुनाव जल्द कराए जाएंगे। वर्तमान में आगरा जनपद के वॉलीबॉल सचिव यशपाल मलिक हैं, जो मेरठ में निवास करते हैं। उन्होंने तदर्थ व्यवस्था के तहत हरीश चौधरी को कार्यवाहक सचिव बनाया हुआ है, जबकि अध्यक्ष विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह हैं।

सुनील कुमार तिवारी ने कहा कि आगरा में संवैधानिक तरीके से एसोसिएशन का पुनर्गठन आवश्यक है। लंबे समय से संघ निष्क्रिय अवस्था में है, जिससे जिले में खेल का विकास प्रभावित हुआ है। यशपाल मलिक के सेवानिवृत्त होकर मेरठ चले जाने के बाद यहां कामचलाऊ व्यवस्था चल रही थी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि तिथि तो तय नहीं है, लेकिन जल्द से जल्द आगरा जिला वालीबाल संघ का गठन कर खेल गतिविधियों को गति दी जाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor