हरियाली माहः गुरु पूर्णिमा से रक्षा बंधन तक चलेगा ईको क्लब का पौधारोपण उत्सव

आगरा। पर्यावरण प्रेम और सांस्कृतिक चेतना के अद्भुत संगम के रूप में ईको क्लब, आगरा इस वर्ष पौधारोपण अभियान को एक उत्सव का रूप दे रहा है। 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रतीकात्मक शुरुआत के बाद यह अभियान गुरु पूर्णिमा से रक्षा बंधन तक हरियाली माह के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान न केवल पौधे लगाए जाएंगे, बल्कि धार्मिक, सामाजिक और जैविक महत्व से जुड़ी स्थानीय प्रजातियों को संरक्षित और संवर्धित करने का कार्य भी किया जाएगा।

Jun 3, 2025 - 19:37
 0
हरियाली माहः गुरु पूर्णिमा से रक्षा बंधन तक चलेगा ईको क्लब का पौधारोपण उत्सव
हरियाली माह में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर हाथ में हो एक पौधा, यही है पर्यावरण से प्रेम का संकल्प।  

-गांव-गांव, ताल-ताल में हरियाली का संदेश लेकर निकलेगा यह अभियान

हरिशंकरी: पुण्य और पर्यावरण का संगम

इस अभियान की विशेषता है हरिशंकरी वृक्षारोपण, जिसमें पीपल, बरगद और पाकड़ को एक ही स्थल पर रोपा जाता है। इन तीनों वृक्षों के संगम से न केवल छाया और ऑक्सीजन का भंडार मिलता है, बल्कि यह धर्मशाला रूपी जैविक स्थल भी बनता है जो पक्षियों, जीवों और इंसानों सभी के लिए उपकारी है।

बजरंग वाटिका: वन्यजीवों के लिए अन्न क्षेत्र

ईको क्लब द्वारा सुझाई गई बजरंग वाटिका योजना के अंतर्गत ऐसे देशी फलदार वृक्ष रोपे जाएंगे जो पशु-पक्षियों और वन्य जीवों को साल भर भोजन दें।
जैसे: गुलर, जंगली अंजीर, जंगल जलेबी, देशी बबूल, सहतूत, फालसा, बेल, खिरनी, कैथा आदि।

ग्राम वन और तालाबों का श्रृंगार

तालाबों और नदियों के किनारों पर ग्राम वन की स्थापना की जाएगी जिसमें औषधीय पौधे, बेलें, पूजा के फूलों के पौधे, गिलोय, ज्वराकुश आदि शामिल होंगे। यह ग्रामीण जीवन को स्वास्थ्य, स्वच्छता और सांस्कृतिक समृद्धि से जोड़ने का प्रयास होगा।

स्थानीय उपयोगिता और सामुदायिक सुरक्षा पर ज़ोर

पौधारोपण को केवल औपचारिकता नहीं बल्कि स्थायी उत्तरदायित्व मानते हुए ईको क्लब के संचालक प्रदीप खंडेलवाल ने सभी सहभागियों से अपील की है कि वे स्थानीय जलवायु के अनुकूल पौधे लगाएं। उनके संरक्षण की व्यवस्था करें और अपने क्षेत्रीय पौधारोपण की सूचना 7417712842 पर दें।

SP_Singh AURGURU Editor