हरमनप्रीत और क्रांति गौड़ ने इंग्लैंड को हरा कर रचा इतिहास
लंदन। हरमनप्रीत कौर के शतक और क्रांति गौड़ की घातक गेंदबाजी से भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड को उसी की जमीन पर हराकर इतिहास रच दिया। तीसरे और निर्णायक वनडे मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 13 रन से हराकर 2-1 से सीरीज अपने नाम कर ली। ये पहली बार है जब भारतीय महिला टीम ने इंग्लैंड को उसकी ही धरती पर टी20 और वनडे दोनों में हराकर डबल धमाका कर दिया है।
हरमनप्रीत कौर के धमाकेदार शतक के साथ-साथ एक और खिलाड़ी ने इंग्लैंड में इतिहास रचने में अहम भूमिका निभाई हैं, जिनका नाम है क्रांति गौड़। इस जीत के दो हीरो रहे, हरमनप्रीत का बल्ला और क्रांति गौड़ की कहर बरपाती गेंदबाजी।
क्रांति गौड़ ने इस मैच में 9.5 ओवर में 52 रन देकर 6 विकेट अपने नाम किए और इंग्लिश बल्लेबाजों को एक के बाद एक पवेलियन भेज दिया। उनकी इस तूफानी गेंदबाजी के आगे अंग्रेजों की मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप ने घुटने टेक दिए। क्रांति ने एक मेडन ओवर भी डाला।
क्रांति गौड़ का जन्म 11 अगस्त 2003 को मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में हुआ था। शुरुआत में उन्होंने टेनिस बॉल क्रिकेट सिर्फ अपने शौक के तौर पर खेला, लेकिन जल्द ही उनकी प्रतिभा पहचान ली गई और उन्हें एमपी की जूनियर टीम में खेलने का मौका मिला।
क्रांति मध्यप्रदेश की अंडर-23 टीम का हिस्सा रह चुकी हैं। उनके शानदार घरेलू प्रदर्शन के दम पर उन्हें महिला प्रीमियर लीग में यूपी वॉरियर्स ने 10 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था।
अब तक उन्होंने अपने करियर में कुल 4 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने में 9 विकेट चटकाए हैं। वहीं, 1 टी20 इंटरनेशनल में भी वह भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं, हालांकि वहां उन्हें अभी तक कोई विकेट नहीं मिला है।
क्रांति गौड़ की गेंदबाजी में धार और नियंत्रण दोनों हैं। इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम के खिलाफ विदेशी सरजमीं पर 6 विकेट झटकना किसी भी युवा गेंदबाज के लिए करियर का टर्निंग प्वाइंट हो सकता है।