हाथरस सिटी और उझानी स्टेशन को मिला नया लुक, पीएम मोदी 22 मई को करेंगे उद्घाटन

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत इज्जतनगर मंडल के बरेली सिटी, इज्जतनगर, हाथरस सिटी और उझानी स्टेशन पूरी तरह से नए अवतार में तैयार हैं। इस योजना का उद्देश्य भारतीय रेलवे स्टेशनों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त बनाना है।

May 19, 2025 - 20:07
 0
हाथरस सिटी और उझानी स्टेशन को मिला नया लुक, पीएम मोदी 22 मई को करेंगे उद्घाटन
नये लुक में आये हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करतीं इज्जतनगर मंडल की रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा।

बरेली। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत उत्तर प्रदेश के हाथरस सिटी और उझानी रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्य पूर्ण हो चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन स्टेशनों सहित देशभर के कुल 103 स्टेशनों का उद्घाटन 22 मई को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से करेंगे। यह जानकारी इज्जतनगर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा ने सोमवार को निरीक्षण के दौरान दी।

वीणा सिन्हा ने हाथरस सिटी और उझानी स्टेशनों पर किए गए विकास कार्यों का गहन निरीक्षण किया और कार्य की गुणवत्ता पर संतोष जताया। उन्होंने अधिकारियों को साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं, पार्किंग और सर्कुलेटिंग एरिया की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

स्टेशन पर सुविधाओं का हुआ कायाकल्प

पुनर्विकास कार्यों के तहत इन स्टेशनों पर आधुनिक फेसलिफ्ट, विस्तृत प्लेटफॉर्म, महिला-पुरुष प्रतीक्षालय, वीआईपी रूम, सुंदर लैंडस्केपिंग, पीपी शेल्टर, आरसी बेंच, डस्टबिन, पेयजल बूथ, पंखे, प्रकाश व्यवस्था आदि लगाए गए हैं।

इसके साथ ही यात्रियों के लिए टिकट वेंडिंग मशीनें (ATVMs), कोच गाइडेंस सिस्टम, ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड और आधुनिक टॉयलेट्स की सुविधा भी विकसित की गई है। प्लेटफॉर्मों पर मिनी वोल्टर्स में लाइट और पंखों की भी व्यवस्था की गई है, ताकि यात्रियों को गर्मी में राहत मिले।

निरीक्षण में ये अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यू. नाग, सिग्नल एवं दूर संचार इंजीनियर प्रवेश कुमार, यांत्रिक इंजीनियर शुभम कुमार सिंह, इंजीनियर विपिन कुमार यादव, मंडल सुरक्षा आयुक्त पवन कुमार श्रीवास्तव, परियोजना प्रबंधक ए.के. सिंह सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor