आगरा में तेज आंधी के बाद झमाझम बारिश, अंधेरे में डूबा शहर, मौसम ने ली राहत की करवट
आगरा। आगरा शहर में रात दस बजे बाद बड़ा मौसमीय बदलाव देखने को मिला। रात करीब 10 बजे अचानक आई तेज आंधी ने शहर की रफ्तार थाम दी। सुरक्षा कारणों से बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे पूरा शहर अंधेरे में डूब गया। इसके बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। ठंडी हवाओं से मौसम खुशनुमा हो गया है।
आंधी की वजह से हाईवे से लेकर कॉलोनियों तक ट्रैफिक रुक गया। लोग अपनी कारें और दोपहिया वाहन सड़क किनारे सुरक्षित स्थानों पर रोककर खड़े हो गए। डर था कि कहीं कोई पेड़ या होर्डिंग गिर न जाए।
करीब साढ़े दस बजे आंधी के बाद बारिश शुरू हो गई। तेज गर्जना और चमक के साथ आसमान से झमाझम बारिश हुई। गर्मी से तपते शहर को इस बारिश ने बड़ी राहत दी। शहर के कई इलाकों में पानी भर गया और मौसम सुहावना हो गया।
बारिश के साथ बहती ठंडी हवाओं ने लोगों को मानसून का अहसास करा दिया। मौसम विभाग का मानना है कि दिल्ली में हुई ओलावृष्टि के कारण उत्तर दिशा से चली हवाओं ने आगरा का मौसम बदल दिया।
हालांकि बारिश के बाद भी हवाएं तेज चलती रहीं, लेकिन आंधी की गति पहले से काफी कम हो चुकी थी। मौसम का यह अचानक बदला मिजाज शहरवासियों के लिए राहत लेकर आया, हालांकि कई इलाकों में बिजली बहाल होने में वक्त लग सकता है।
रात्रि करीब 10 बजे आई आंधी बारिश ने गर्मी से तो राहत दिला दी लेकिन बिजली गुल हो जाने से लोगों को परेशानी भी झेलनी पड़ रही है। तेज आंधी के कारण ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ने की प्रारंभिक सूचना मिली है। रेलवे के तमाम वरिष्ठ अधिकारी तत्काल गड़बड़ी का पता लगाने में जुट गए हैं।
घनघोर अंधेरे में बारिश और तूफान ने आगरा, टूंडला और आसपास के क्षेत्र में क्या कहर बरपाया, इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है। लेकिन मूसलाधार बारिश ने मौसम को कुछ सुहावना बना दिया है। वैसे बताया जाता है कि टूंडला ही नहीं, फिरोजाबाद से इटावा तक आंधी बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई है। बताया जाता है कि आंधी की रफ्तार 70-75 किमी प्रति घंटा थी।
उधर दिल्ली-एनसीआर में धूल भरी आंधी के बाद तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई। मौसम में आए भयानक बदलाव के कारण दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन प्रभावित हो गया।