पिनाहट में दबंगई की हद: कुत्तों को शौच कराने के विरोध पर युवक पर जानलेवा हमला, घायल
आगरा। जनपद के पिनाहट थाना क्षेत्र में दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कुत्तों को शौच कराने के विरोध पर दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि दबंगों ने एक युवक को लाठी-डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
मामला पिनाहट थाना क्षेत्र के मनसुखपुरा चौकी अंतर्गत गांव पलोखरा का है। पीड़ित श्रवण कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव का ही विनोद कुमार शर्मा उनके घर के सामने स्थित उनकी पुश्तैनी जमीन पर आए दिन अपने कुत्तों को शौच कराने लाता था। इस पर कई बार आपत्ति जताई गई, लेकिन दबंग पक्ष नहीं माना।
पीड़ित के अनुसार, जब उसने दोबारा विरोध किया तो विनोद कुमार शर्मा और उसके पक्ष के लोग एकजुट होकर आक्रामक हो गए और श्रवण कुमार पर हमला बोल दिया। लाठी-डंडों से की गई मारपीट में उसे गंभीर चोटें आईं। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई, वहीं किसी ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल उसका मेडिकल परीक्षण कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और तहरीर के आधार पर आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।