हाईवे पर हादसाः शाहजहांपुर में पत्नी संग ससुराल जा रहे युवक की गर्दन चाइनीज मांझे से कटी, मौत 

-राजीव शर्मा- शाहजहांपुर। दीपोत्सव की खुशियों के बीच शाहजहांपुर से एक दर्दनाक खबर ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया। भैया दूज के दिन पत्नी के साथ ससुराल जा रहे एक युवक की गर्दन चाइनीज मांझे से कटने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे ने फिर से प्रशासनिक लापरवाही और प्रतिबंधित मांझे की खुलेआम बिक्री पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Oct 23, 2025 - 17:25
Oct 23, 2025 - 17:43
 0
हाईवे पर हादसाः शाहजहांपुर में पत्नी संग ससुराल जा रहे युवक की गर्दन चाइनीज मांझे से कटी, मौत 
शाहजहांपुर जिले में सीतापुर हाईवे पर चाइनीज मांझे से गर्दन कटने के बाद सड़क पर लहूलुहान हालत में पड़ा युवक।

-पुलिस के अभियानों के बावजूद नहीं थमी घातक मांझे की बिक्री, प्रशासन पर उठे सवाल

पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने जानकारी दी कि मृतक रवि कुमार शर्मा (25 वर्ष) निवासी थाना काट क्षेत्र के नगला जाजू गांव का रहने वाला था। वह भाई दूज पर अपनी पत्नी के साथ मोहम्मदी (लखीमपुर खीरी) में ससुराल जा रहा था। रास्ते में सीतापुर हाईवे पर थाना रौजा क्षेत्र में चलते वक्त अचानक उसकी गर्दन पतंग की चाइनीज मांझे में उलझ गई। मांझा इतनी तेजी से गर्दन में फंसा कि रवि का गला कट गया और वह बाइक से नीचे गिर पड़ा।

पीछे बैठी पत्नी ने चीखकर राहगीरों को बुलाया, लेकिन जब तक लोग पहुंचे, रवि बेहोश हो चुका था। उसे तुरंत राजकीय मेडिकल कॉलेज शाहजहांपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पहले भी हो चुकी हैं जानलेवा घटनाएं

एसपी द्विवेदी ने बताया कि इस वर्ष जनवरी माह में भी एक पुलिसकर्मी की गर्दन चाइनीज मांझे से कटने से मौत हो गई थी, जब वह सरकारी कार्य से बरेली मोड़ चौकी की ओर जा रहा था। उस हादसे के बाद पुलिस ने बड़े स्तर पर कार्रवाई कर कई कुंतल चाइनीज मांझा जब्त किया था, लेकिन उसके बाद भी यह घातक धंधा नहीं रुका।

जुलाई में 300 बंडल मांझा पकड़ा गया था

जुलाई में शाहजहांपुर पुलिस ने 300 से अधिक बंडल चाइनीज मांझा की खेप पकड़ी थी। तब एक व्यापारी संगठन ने पुलिस का सम्मान किया था, जबकि दूसरे संगठन ने इस कार्रवाई का विरोध जताया था। बावजूद इसके पुलिस ने सभी आरोपियों को जेल भेजा था।

अब सवाल ये है कि आखिर प्रतिबंध के बाद भी ये कारोबार क्यों चल रहा है?
लोगों में आक्रोश है कि तमाम प्रतिबंधों और अभियानों के बावजूद शहर में खुलेआम चाइनीज मांझा बेचा जा रहा है। इस खतरनाक धागे ने अब तक कई निर्दोष लोगों की जान ली है, फिर भी जिम्मेदार विभाग आंख मूंदे बैठे हैं।

SP_Singh AURGURU Editor