हॉकी मैचः सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी ने रोमांचक शूटआउट में आर्मी इलेवन को 5–2 से हराया
आगरा। भारतीय हॉकी के गौरवशाली सौ वर्षों की पूर्णता पर आगरा में खेल प्रेम और राष्ट्रीय गर्व का अद्भुत संगम देखने को मिला। आगरा हॉकी मास्टर्स एवं सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी के तत्वावधान में आयोजित मैत्री हॉकी मैच ने न केवल खिलाड़ियों में उत्साह जगाया बल्कि दर्शकों को भी रोमांचित कर दिया। यह मुकाबला सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी और आर्मी इलेवन के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों ने शानदार खेल कौशल और अनुशासन का परिचय दिया। मैच में सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी ने रोमांचक शूटआउट में आर्मी इलेवन को 5–2 से हरा दिया।
मैच में उतार-चढ़ाव और रोमांच की पराकाष्ठा
शुरुआत में आर्मी इलेवन के कप्तान सुबेदार राजवीर सिंह ने पेनाल्टी स्ट्रोक पर शानदार गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके जवाब में अजय सिंह राजपूत ने धर्मेंद्र बघेल के सटीक पास पर गोल करते हुए स्कोर बराबर कर दिया।
लास्ट क्वार्टर में मैच अपने चरम पर था। आर्मी इलेवन के पप्पू चौहान ने दूसरा गोल कर टीम को 2-1 से आगे किया, लेकिन अंतिम मिनटों में अकादमी के कप्तान धर्मेंद्र बघेल ने जोरदार प्रहार से स्कोर 2-2 कर दिया। निर्णय शूटआउट पर पहुंचा, जहां सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5-2 से विजय हासिल की।
हॉकी के सौ वर्षः स्वर्णिम गौरव की झलक
आगरा हॉकी मास्टर्स के सचिव अमिताभ गौतम ने कहा कि भारतीय हॉकी के सौ साल वाकई बेमिसाल हैं। यह वही खेल है जिसने भारत को ओलंपिक में सबसे अधिक स्वर्ण पदक दिलाए। आने वाले समय में हम निश्चित रूप से हॉकी के स्वर्ण युग की ओर बढ़ेंगे।
मुख्य अतिथियों ने खिलाड़ियों का किया उत्साहवर्धन
मैच से पूर्व कैंटोनमेंट बोर्ड उपाध्यक्ष राजेश गोयल ‘बब्लू भाई’ एवं क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा ने दोनों टीमों से परिचय प्राप्त कर उनका हौसला बढ़ाया। कार्यक्रम में क्रीड़ा भारती के प्रांत सहमंत्री मोहित वर्मा, विभाग संयोजक राजेश सिंह कुशवाहा, मीडिया प्रभारी देवजीत घोष, रूपेश अग्रवाल, अर्निका माहेश्वरी, अमर सिंह राठौड़ सहित अनेक गणमान्य मौजूद रहे।
विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की गई।
वरिष्ठ खिलाड़ियों में हाजी मोहम्मद इदरीस खान, परमजीत सिंह, बंटी यादव, अमित दीक्षित, अमन शर्मा, राहुल सक्सेना, गौरव शर्मा, दिनेश शर्मा, पवन कुमार आदि की उपस्थिति ने आयोजन को गरिमा प्रदान की। मंच संचालन श्री के.पी. सिंह और संजय नेहरू ने किया।
अध्यक्ष का संकल्प — हॉकी फिर लौटेगी स्वर्ण युग में
आगरा हॉकी मास्टर्स एवं सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी के अध्यक्ष राजीव सोही ने कहा कि हम आने वाले समय में हर युवा खिलाड़ी को प्रोत्साहन और संसाधन देकर भारतीय हॉकी को उसके पुराने स्वर्ण युग में लौटाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
अंत में सभी उपस्थितजनों ने संकल्प लिया कि हॉकी का परचम फिर पूरे भारतवर्ष में लहराएगा, और आने वाले सौ वर्ष भारतीय हॉकी के नए स्वर्ण युग की गाथा लिखेंगे।
Top of Form
Bottom of Form
Top of Form
Bottom of Form