भारत के सामने कब तक टिकेंगी बांग्लादेश की बेटियां, बांग्लादेश को भी कुछ ही गेंदों में कर सकती हैं मैदान से बाहर
भारत के लिए इस टूर्नामेंट में स्पिन गेंदबाजों ने लाजवाब प्रदर्शन किया है। पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में भी इन गेंदबाजों ने शानदार खेल दिखाया था और सना फातिमा की टीम सिर्फ 55 रन पर ऑल आउट हो गई थी।
दुबई। महिला एशिया कप 2026 के पहले सेमीफाइनल मैच में भारत का मुकाबला बांग्लादेश से है। भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में बेहतरीन लय में चल रही है। भारत ने ग्रुप स्टेज में अपनी तीनों मुकाबले आसानी से जीते हैं। पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने 94 रन और दूसरे मैच में 137 रन के अंतर से जीत हासिल की। वहीं, तीसरे मैच में पाकिस्तान को 55 रन पर समेट दिया। इसके बाद आसानी से 7 विकेट के अंतर से मैच जीत लिया। अब भारतीय टीम सेमीफाइनल मैच जीतकर फाइनल में जगह बनाने के उद्देश्य से उतरेगी तो 5 खिलाड़ियों पर सभी की नजरें होंगी, जो बांग्लादेश को भी पाकिस्तान की तरह कुछ गेंदों में ही मैच से बाहर कर सकती हैं।
पाकिस्तान के लिए सबसे बड़ा खतरा श्री चरणी से होगा। वह दुनिया की नंबर एक टी20 गेंदबाज हैं। इस टूर्नामेंट में भी उन्होंने 3 मैच में 7 विकेट निकाले हैं। दुबई की पिच हमेशा से ही स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार रही है। ऐसे में श्री चरणी बांग्लादेश के बल्लेबाजों को भी अपनी फिरकी में नचा सकती हैं। वह पावरप्ले में भी विकेट निकालने का माद्दा रखती हैं। इस वजह से बांग्लादेश को बड़ा खतरा है।
भारतीय टीम की सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक दीप्ति शर्मा हमेशा ही विपक्षी टीम के लिए बड़ा खतरा रहती हैं। वह अपनी सटीक लाइन लेंथ से बल्लेबाजों को लगातार परेशान करती हैं और साझेदारियां तोड़ने में माहिर हैं। कप्तान हरमनप्रीत हमेशा मुश्किल समय में उनके पास ही जाती हैं। इस टूर्नामेंट के 3 मुकाबलों में उन्होंने 8 विकेट लिए हैं। इससे साफ है कि वह अच्छी लय में हैं। इसके अलावा दीप्ति बल्ले के साथ भी कमाल करने में माहिर हैं।
शेफाली वर्मा ने महिला एशिया कप 2026 के तीन मुकाबलों में 104 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 176 का रहा है। शेफाली हमेशा से ही आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जानी जाती हैं। पाकिस्तान के खिलाफ मैच में भी उन्होंने 200 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे। इसके अलावा वह साझेदारियां तोड़ने में भी माहिर हैं। हरमनप्रीत कौर ने गेंदबाज के रूप में भी उनका बेहतरीन इस्तेमाल किया है।
लेग स्पिनर प्रेमा रावत शानदार लय में चल रही हैं। वह 3 मुकाबलों में 5 विकेट ले चुकी हैं। पाकिस्तान के खिलाफ प्रेमा ने 3 विकेट निकाले थे और सिर्फ 9 रन दिए थे। उनकी गेंदों को समझने में बल्लेबाजों को बहुत परेशानी हो रही थी। इसी वजह से उनके खिलाफ रन बनाने में पाकिस्तान की टीम को परेशानी हुई। बांग्लादेश के लिए भी प्रेमा की फिरकी बड़ा सिरदर्द साबित हो सकती है।
स्मृति मंधाना इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं। 3 मुकाबलों में उनके बल्ले से 152 रन निकले हैं। उनका औसत 50 से ज्यादा है और स्ट्राइक रेट 178 का है। स्मृति ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम से अपने दम पर मैच छीन लेती हैं। ऐसे में बांग्लादेश के खिलाफ उन्हें शायद ही कोई परेशानी हो। अगर भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करती है तो उनके बल्ले से एक और शतकीय पारी भी निकल सकती है।