सरकार सहयोग करे तो अलीगढ़ बन सकता है वेडिंग सेक्टर का नया हब

  अलीगढ़। जीटी रोड स्थित एक होटल में मंगलवार को यूपी वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन द्वारा “इंडियन वेडिंग इंडस्ट्रीज़ – ट्रेंड्स, चुनौतियाँ और अवसर” विषय पर सेमिनार आयोजित हुआ। सेमिनार में विशेषज्ञों ने अलीगढ़ को डेस्टिनेशन वेडिंग का नया हब बनाने की आवश्यकता पर बल दिया और वेडिंग थीम पार्क, नए मैरिज वेन्यू तथा सरकार से सहयोग की मांग रखी।

Aug 26, 2025 - 22:21
 0
सरकार सहयोग करे तो अलीगढ़ बन सकता है वेडिंग सेक्टर का नया हब
अलीगढ़ में यूपी वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन के सेमिनार में उपस्थित मनीष अग्रवाल रावी, संदीप उपाध्याय, कमलप्रीत सिंह, मनीष गुप्ता, सौरभ सिंघल, संजय मल्होत्रा, अंगद सिंह, रेनू शर्मा, रिंकू अरोड़ा, गजेंद्र सिंह आदि।

एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल रावी ने कहा कि सरकार अलीगढ़ में वेडिंग थीम पार्क या मैरिज वेन्यू विकसित किया जाए और वेडिंग इंडस्ट्री को 5% जीएसटी स्लैब में शामिल किया जाए। इससे न सिर्फ रोजगार बढ़ेगा बल्कि पारदर्शिता भी आएगी।

महासचिव संदीप उपाध्याय ने कहा कि अलीगढ़ पहले से इंडस्ट्रियल हब के रूप में पहचान बना चुका है। शादी के वेन्यू लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन और अधिक वेन्यू की आवश्यकता है।

फूड एक्सपर्ट विवेक प्रेमी कैटर्स और पंकज गोयल का सुझाव था कि प्रत्येक शादी में स्थानीय स्वाद को शामिल किया जाना चाहिए, जिससे मेहमानों को अपनत्व का अनुभव होता है और बाहर से आए अतिथि नए व्यंजन का आनंद ले सकें।

वेडिंग डेकोरेटर एक्सपर्ट सौरभ सिंघल और संजय मल्होत्रा ने कहा कि आजकल नेचर-फ्रेंडली सजावट का ट्रेंड है। पर्सनलाइज्ड ब्राइड-ग्रूम थीम की डिमांड बढ़ रही है और हर शादी को एक यादगार अनुभव बनाने पर जोर है।

एंटरटेनमेंट एक्सपर्ट कमलप्रीत सिंह और मनीष गुप्ता ने कहा कि अब लोग शादी में पारंपरिक ऑर्केस्ट्रा के बजाय इंटीग्रेटेड डीजे और सूफी नाइट्स को पसंद कर रहे हैं। सेलिब्रिटी आर्टिस्ट्स को बुलाने का चलन भी तेजी से बढ़ा है।

वरिष्ठ होटल उद्यमी शांतनु गर्ग ने कहा कि अलीगढ़ का भौगोलिक स्थान इसे डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए आदर्श बनाता है। होटल और आधुनिक सुविधाओं का विकास तेजी से हो रहा है, यदि सरकार सहयोग करे तो अलीगढ़ राष्ट्रीय स्तर पर वेडिंग डेस्टिनेशन बन सकता है।
होटल इंडस्ट्री एक्सपर्ट गजेंद्र सिंह ने कहा कि अलीगढ़ के पास आगरा और नोएडा बड़े बाजार हैं। यदि इनको ध्यान में रखते हुए होटल पैकेज तैयार किए जाएं तो अलीगढ़ पहली पसंद बन सकता है।

कार्यक्रम का संयोजन अनिल सविता और सागर तोमर ने किया। इस अवसर पर मनीष गुप्ता, संजय मल्होत्रा, अंगद सिंह, रेनू शर्मा, रिंकू अरोड़ा, सौरभ अग्रवाल, नीरज पाठक, विवेक, पंकज अग्रवाल, सूरज अग्रवाल, दानिश, अमर माथुर, विशाल, आकाश, राहुल गौर, संदीप सिकरवार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor