टीम इंडिया वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप से चूकी तो फिर कौन जाएगी फाइनल में

नई दिल्ली। न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार दो टेस्ट हाकर टीम इंडिया सीरीज गंवा चुकी है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। सीरीज में न्यूजीलैंड ने दो मैच जीतकर अजेय बढ़त हासिल कर ली है। ऐसे में यदि टीम इंडिया वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल नहीं खेल पाती है तो फिर कौन सी दो टीमें फाइनल में जगह बना सकती हैं?

Oct 27, 2024 - 13:05
 0
टीम इंडिया वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप से चूकी तो फिर कौन जाएगी फाइनल में

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 चक्र के फाइनल के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम सबसे बड़ी दावेदार है। कंगारू टीम प्वाइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर मौजूद है। टीम ने अब तक इस चक्र में 12 मुकाबले खेल लिए हैं, जिसमें आठ में जीत दर्ज की, तीन गंवाए और एक ड्रॉ पर खत्म हुआ। 

मौजूदा वक्त में ऑस्ट्रेलिया का जीत प्रतिशत 62.50 का है, जो टीम इंडिया से थोड़ा सा ही कम है। टीम इंडिया का मौजूदा जीत प्रतिशत 62.82 का है। टीम इंडिया के बाहर होने की सूरत में, दूसरे पायदान पर रहने और शानदार जीत प्रतिशत होने के लिहाज से ऑस्ट्रेलिया वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेलने की प्रबल दावेदार होगा। 

टीम इंडिया के क्वालीफाई ना करने की सूरत में, ऑस्ट्रेलिया के साथ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में दूसरी टीम श्रीलंका या न्यूजीलैंड हो सकती है। मौजूदा वक्त में श्रीलंका प्वाइंट्स टेबल में तीसरे और न्यूजीलैंड चौथे पायदान पर है। श्रीलंका ने अब तक इस चक्र में नौ टेस्ट खेल लिए हैं, जिसमें उन्होंने पांच में जीत दर्ज की, चार गंवाए और एक ड्रॉ पर खत्म हुआ। श्रीलंका के पास 55.56 का जीत प्रतिशत मौजूद है। इसके अलावा न्यूजीलैंड ने अब तक 10 मैच खेल लिए हैं, जिसमें उन्होंने पांच में जीत दर्ज की और पांच गंवाए। कीवी टीम के पास 50 का जीत प्रतिशत मौजूद है।