भारत को मिली 2030 के कॊमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी, अहमदाबाद शहर में होंगे राष्ट्रमंडल खेल

ग्लासगो में हुई बैठक के बाद अब आधिकारिक रूप से पुष्टि हो चुकी है कि 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी भारत को सौंपी गई है। 20 साल बाद भारत में लौटने जा रहा यह खेल महासंग्राम, देश के लिए गर्व का क्षण है और यह खेल-संस्कृति को नई उड़ान देगा।

Nov 26, 2025 - 18:56
 0
भारत को मिली 2030 के कॊमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी, अहमदाबाद शहर में होंगे राष्ट्रमंडल खेल

विश्व खेल जगत में आज एक ऐतिहासिक घोषणा हुई। 2030 के राष्ट्रमंडल खेल, जिसे इस आयोजन का शताब्दी संस्करण माना जा रहा है, की मेजबानी भारत के अहमदाबाद को सौंपी गई है। यह निर्णय 26 नवंबर 2025 को कॊमनवेल्थ स्पोर्ट्स की जनरल असेंबली में लिया गया। बैठक में 74 देशों ने भारत की मेजबानी का समर्थन किया।

कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स के अध्यक्ष डॉ. डोनाल्ड रुकारे ने कहा कि भारत ने इस आयोजन में युवा प्रतिभा, महत्वाकांक्षा, समृद्ध संस्कृति और वैश्विक दृष्टिकोण को लेकर एक ठोस प्रस्ताव पेश किया। उन्होंने इसे राष्ट्रमंडल खेलों के लिए एक नए स्वर्ण युग की शुरुआत करार दिया। इसके अलावा उन्होंने यह भी बताया कि 2034 और उसके बाद के खेलों की मेजबानी के लिए कई देशों ने गहरी रुचि दिखाई है

इस तरह भारत 2010 में नई दिल्ली में राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी के लगभग दो दशक बाद फिर से इस बहु-खेल आयोजन की मेजबानी करेगा।

चयन के पीछे अहमदाबाद की आधुनिक खेल सुविधाएं, बेहतर स्टेडियम, व्यापक ओलंपिक-स्तरीय तैयारी और खेल संस्कृति को मजबूती देने की सरकार की प्रतिबद्धता है। भारत द्वारा अपने प्रस्ताव में अहमदाबाद शहर को आदर्श मेजबान के रूप में प्रस्तुत किया गया था।

2030 राष्ट्रमंडल खेलों के माध्यम से न केवल भारत की खेल क्षमता और संगठनात्मक दक्षता का प्रदर्शन होगा, बल्कि युवाओं को प्रेरणा मिलेगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, और खेल-संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान मिलेगी।

अहमदाबाद के लिए यह सिर्फ खेलों की मेजबानी नहीं बल्कि एक नया अभियान है, जो भविष्य में संभावित 2036 ओलंपिक की दिशा में भारत की तैयारी को और मजबूत करेगा।

शहर, राज्य और केंद्र सरकार की ओर से अब अहमदाबाद में खेल के बुनियादी ढांचों, स्टेडियम, एथलीट विलेज, ट्रैफिक, लॉजिस्टिक सहित तमाम तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू की जाएंगी।

SP_Singh AURGURU Editor