भारतीय महिला टीम ने रचा इतिहास, आखिरी वनडे में आयरलैंड को 304 रन से रौंदा

राजकोट। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने आयरलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के आखिरी मैच में इतिहास रच दिया है। स्मृति मंधाना की कप्तानी में भारत को 304 रनों से जीत मिली। वनडे इतिहास में यह टीम इंडिया की सबसे बड़ी जीत है। पहले बैटिंग करते हुए भारतीय महिला टीम ने 5 विकेट पर 435 रन बनाए। यह वनडे क्रिकेट में भारत की टीम का सबसे बड़ा स्कोर है। इसके बाद आयरलैंड की पारी को गेंदबाजों ने सिर्फ 131 रनों पर समेट दिया। भारतीय टीम ने तीन मैचों की सीरीज को 3-0 से क्लीन स्वीप कर लिया।

Jan 15, 2025 - 18:42
 0
भारतीय महिला टीम ने रचा इतिहास, आखिरी वनडे में आयरलैंड को 304 रन से रौंदा

शुरू से ही रहा टीम इंडिया का दबदबा

सीरीज को पहले ही अपने नाम कर चुकी भारतीय टीम ने इस मैच में टॉस जीकर बल्लेबाजी का फैसला किया। पहले ही विकेट के लिए स्मृति मंधाना और युवा ओपनर प्रतिका रावल ने 26.4 ओवर में 233 रन जोड़ दिए। इस दौरान स्मृति ने 70 गेंदों पर सेंचुरी पूरी की। यह महिला वनडे में भारत की तरफ से सबसे तेज सेंचुरी का रिकॉर्ड भी है। वह 80 गेंदों पर 12 चौके और 7 छक्कों की मदद से 135 रन बनाकर आउट हुईं।

इसके बाद प्रतिका ने भी अपना शतक पूरा किया। उन्होंने 129 गेंदों पर 154 रनों की पारी खेली। वह महिला वनडे में 150 का स्कोर बनाने वाले हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा के बाद तीसरी भारतीय बल्लेबाज बनीं। रिचा घोष ने अर्धशतक लगाते हुए 42 गेंदों पर 59 रन ठोके। अंत में टीम इंडिया 5 विकेट पर 435 रनों तक पहुंचने में सफल रही। अभी तक पुरुष वनडे में भी भारतीय टीम इतना बड़ा स्कोर नहीं बना पाई है।

आयरलैंड के बैटिंग पूरी तरह फेल

जवाब में खेलने उतरी आयरलैंड की शुरुआत खराब रही। टिटास साधु ने कप्तान जैबी लुइस (1) को तीसरे ओवर में आउट कर दिया। सायाली सतघरे ने तो कुल्टर रेली को खाता भी नहीं खोलने दिया। इसके बाद तीसरे विकेट के लिए सारा फोर्ब्स (41) और ओर्ला प्रेंडेर्गेस्ट (36) के बीच 64 रनों की साझेदारी हुई। ओर्ला को आउट कर 88 के स्कोर पर तनुजा कंवर ने यह साझेदारी तोड़ी। इसके बाद विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हो गया। अंत में आयरलैंड की पारी 32वें ओवर में 131 रनों पर सिमट गई। दीप्ति शर्मा को सबसे ज्यादा तीन विकेट मिले।