दुबई में गूंजा भारत का जयघोष, आगरा की बेटी प्राची पचौरी ने सातवीं रोल बॉल वर्ल्ड कप चैंपियनशिप में भारतीय टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई

आगरा। दुबई में आयोजित 7वीं रोल बॉल वर्ल्ड कप चैंपियनशिप 2025 में आगरा की बेटी प्राची पचौरी ने शानदार प्रदर्शन कर भारत का परचम लहराया और शहर का नाम विश्व पटल पर स्वर्ण अक्षरों में दर्ज करा दिया। 14 से 18 दिसंबर तक चली इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 16 देशों की भागीदारी रही, जहां भारतीय महिला रोल बॉल टीम ने फाइनल मुकाबले में केन्या को 3–2 से पराजित कर विश्व कप खिताब अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत में प्राची पचौरी की निर्णायक भूमिका रही।

Dec 25, 2025 - 18:21
 0
दुबई में गूंजा भारत का जयघोष, आगरा की बेटी प्राची पचौरी ने सातवीं रोल बॉल वर्ल्ड कप चैंपियनशिप में भारतीय टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई
दुबई में 7वीं रोल बॉल वर्ल्ड कप चैंपियनशिप जीतने वाली भारतीय टीम ट्रॊफी ग्रहण करते हुए।

केन्या की टीम लगातार तीसरी बार खिताब जीतने के मजबूत इरादे से मैदान में उतरी थी, लेकिन भारतीय महिला टीम ने अनुशासित खेल, मजबूत रक्षा और अद्भुत धैर्य का परिचय देते हुए उनके अरमानों पर पानी फेर दिया। फाइनल में प्राची पचौरी, इसिका शर्मा और सुविंधा सरीन की तिकड़ी ने बेहतरीन तालमेल दिखाया, जिसने भारत को यादगार जीत दिलाई। यह भारत का तीसरा महिला रोल बॉल वर्ल्ड कप खिताब है, जिसने देशभर के खेल प्रेमियों को गर्व से भर दिया।

प्राची के पिता डॉ. दिग्विजय पचौरी ने बताया कि उनकी पुत्री ने विश्व मंच पर तिरंगा लहराकर न केवल परिवार, बल्कि पूरे आगरा शहर का मान बढ़ाया है। इस उपलब्धि से शहर के युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों को आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिली है।

प्राची पचौरी की ऐतिहासिक जीत के सम्मान में शुक्रवार को द प्लेयर ऑफ रोल बॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से उनके आगमन पर भव्य रोड शो निकाला जाएगा। यह रोड शो शाहदरा चुंगी से नुनहाई, रामबाग, वाटर वर्क्स, सुल्तानगंज की पुलिया, भगवान टॉकीज, हरीपर्वत, मदिया कटरा, बोदला चौराहा होते हुए दहतोरा स्थित बोस्टन पब्लिक स्कूल तक पहुंचेगा। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर प्राची का जोरदार स्वागत किया जाएगा।

गौरतलब है कि भारतीय महिला टीम के साथ-साथ भारतीय पुरुष रोल बॉल टीम ने भी फाइनल मुकाबले में केन्या को हराकर विश्व कप जीतते हुए भारत को गोल्ड कप दिलाया। दुबई की धरती पर भारत की इस दोहरी जीत ने देश का मान और भी ऊंचा कर दिया है।

SP_Singh AURGURU Editor