अंतर्जातीय प्रेम की दर्दनाक परिणति, गुमला में प्रेमी युगल ने पेड़ से लटककर दी जान

गुमला जिले के कामडारा थाना क्षेत्र में अंतर्जातीय प्रेम संबंध के विरोध से आहत एक 16 वर्षीय छात्रा और उसके प्रेमी ने कथित रूप से कीटनाशक सेवन करने के बाद पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। दोनों शनिवार को परीक्षा के दिन फरार हुए थे और रविवार सुबह ग्रामीणों ने उनके शव पेड़ से लटकते देखे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या से पहले बनाए गए वीडियो की भी जांच की जा रही है।

Feb 23, 2026 - 20:49
 0
अंतर्जातीय प्रेम की दर्दनाक परिणति, गुमला में प्रेमी युगल ने पेड़ से लटककर दी जान
पेड़ से लटके प्रेमी युगल।

गुमला। झारखंड के गुमला जिले के कामडारा थाना क्षेत्र अंतर्गत गबर टोली गांव के पास रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। अंतर्जातीय प्रेम संबंध के विरोध से आहत एक किशोर प्रेमी जोड़े ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिवारों में मातम पसर गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पोढ़व टोली निवासी राजू सिंह की 16 वर्षीय पुत्री सोनी कुमारी और गबर टोली निवासी रमेश बड़ाइक के बीच पिछले कुछ समय से प्रेम संबंध था। दोनों अलग-अलग जाति से थे, जिसके कारण उनके रिश्ते का सामाजिक स्तर पर विरोध हो रहा था। शनिवार को सोनी मैट्रिक की प्रैक्टिकल परीक्षा देने बसिया गई थी। उसके पिता उसे लेने पहुंचे, लेकिन इसी बीच उसका प्रेमी पहले ही स्कूल पहुंच गया। दोनों वहां से फरार हो गए। परिजनों ने देर शाम तक खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

सुबह पेड़ से लटकते मिले शव

रविवार की अहले सुबह ग्रामीणों ने गबर टोली गांव के समीप एक पेड़ से रस्सी के सहारे दोनों को लटकते देखा। सूचना मिलते ही कामडारा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गुमला भेज दिया। सोमवार दोपहर लगभग 12 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

मौत से पहले बनाया वीडियो

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आत्महत्या से पहले युवक ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों ने फांसी लगाने से पहले कीटनाशक का सेवन किया था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो की भी पड़ताल की जा रही है।

सामाजिक दबाव बना कारण?

स्थानीय लोगों का मानना है कि अंतर्जातीय संबंध को लेकर सामाजिक दबाव और विरोध ने दोनों को यह कदम उठाने पर मजबूर किया। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है।