iPhone 17 का क्रेज: पितृ पक्ष की मान्यताएं तोड़ युवाओं ने दिखाई दीवानगी, स्टोर्स पर मारामारी
नई दिल्ली/मुंबई। भारत में शुक्रवार को iPhone 17 सीरीज का क्रेज किसी त्यौहार से कम नहीं दिखा। 19 सितंबर को लॉन्च हुई इस सीरीज की बिक्री शुक्रवार सुबह से शुरू हुई और देशभर में एप्पल स्टोर्स के बाहर युवाओं की भीड़ टूट पड़ी। हालात ये रहे कि मुंबई के बीकेसी स्थित एप्पल स्टोर के बाहर आधी रात से ही लोग लाइन लगाकर खड़े थे। सुबह होते-होते माहौल इतना गरमा गया कि फोन खरीदने की होड़ में युवाओं के बीच हाथापाई तक हो गई।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में साफ दिखा कि भीड़ के बीच कुछ युवकों ने एक-दूसरे पर मुक्के बरसा दिए। सुरक्षाकर्मियों ने किसी तरह बीच-बचाव किया, लेकिन तब तक हालात अफरातफरी में बदल चुके थे।
राजधानी दिल्ली में भी दिखा क्रेज
देश की राजधानी दिल्ली के साकेत एप्पल स्टोर के बाहर भी नजारा कुछ ऐसा ही रहा। लंबी कतार मॉल के बाहर से शुरू होकर अंदर सीढ़ियों के रास्ते स्टोर तक जा रही थी। लाइन में युवा ही नहीं, बल्कि उम्रदराज लोग भी नए iPhone के लिए खड़े दिखाई दिए।
पितृ पक्ष की मान्यताएं धरी रह गईं
इस वक्त सनातन धर्म में पितृ पक्ष चल रहा है, जिसमें नई खरीदारी को शुभ नहीं माना जाता। लेकिन युवाओं के उत्साह ने इस मान्यता को भी पीछे छोड़ दिया। कल्पेश ठक्कर ने तीन iPhones खरीदे और कहा कि पितृ पक्ष मिथक है। पूर्वजों का आशीर्वाद न होता तो मैं पांच लाख खर्च नहीं कर पाता। फोन खरीदा है लेकिन अनबॉक्स नवरात्रि पर करूंगा।
रमेश का कहना था कि लोग मान्यता मानते हैं, पर इसका कोई ठोस आधार नहीं। राजन ने कहा कि मोबाइल खरीद सकते हैं, लेकिन गाड़ी जैसी बड़ी खरीदारी टालनी चाहिए। वहीं रोहित ने तो मजेदार तर्क दिया। उसका कहना था कि घर में पितृ पक्ष पर कपड़े खरीदने से मना किया जाता है, लेकिन मोबाइल खरीदने पर कोई आपत्ति नहीं।
मुंबई से लेकर दिल्ली, बेंगलुरु से हैदराबाद तक, हर शहर में युवाओं का iPhone प्रेम देखने लायक रहा। कई जगह लोग रात से ही डेरा जमाए बैठे रहे ताकि सबसे पहले नया iPhone हाथ में ले सकें।