ईशान किशन ने काउंटी क्रिकेट में दमदार बैटिंग से मचाई तबाही
इंग्लैंड दौरे के बीच ईशान किशन ने काउंटी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया। नॉटिंघमशायर के लिए खेलते हुए उन्होंने यॉर्कशायर के खिलाफ तूफानी अर्धशतक बनाया। ईशान ने 98 गेंदों में 87 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और एक छक्का शामिल था।
लीड्स। इंग्लैंड दौरे के बीच टीम इंडिया से बाहर चल रहे विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने काउंटी चैंपियनशिप में तबाही मचा दी। काउंटी में नॉटिंघमशायर के लिए खेलते हुए ईशान ने यॉर्कशायर के खिलाफ तूफानी अर्धशतकीय पारी खेली। ईशान किशन ने 98 गेंदों में 87 रनों की दमदार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 12 चौके और एक छक्का लगाया। ईशान ने काउंटी के डेब्यू में 88.77 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। इस दौरान उन्होंने इंग्लैंड के डॉम बेस और न्यूजीलैंड के विल ओ'रुरके जैसे इंटरनेशनल गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाई।
रिपोर्ट के मुताबिक ईशान किशन काउंटी चैंपियनशिप में छोटे करार के लिए नॉटिंघमशायर के साथ जुड़े हैं। इस करार में ईशान किशन सिर्फ दो मैच के लिए मैदान पर उतरेंगे। इस करार के तहत वह ट्रेंट ब्रिज में यॉर्कशायर के खिलाफ और टांटन में समरसेट के खिलाफ चैंपियनशिप मैचों में नॉटिंघमशायर के लिए मैदान पर उतरेंगे।
काउंटी चैंपियनशिप में ईशान दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी काइल वेरिन की जगह खेल रहे हैं। काइल वेरिन का दक्षिण अफ्रीका की टेस्ट टीम में चयन हुआ है। काइल वेरिन इस समय जिम्बाब्वे में दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेल रहे हैं। यही कारण है कि नॉटिंघमशायर ने ईशान किशन को दो मैचों के लिए अपने साथ जोड़ा है। बता दें कि ईशान भारत के लिए अब तक दो टेस्ट खेले हैं, जिसमें उन्होंने तीन पारियों में 78 रन बनाए हैं और एक अर्धशतक भी जड़ा है।
टेस्ट को छोड़ दें तो ईशान किशन ने वनडे और टी20 में कमाल का प्रदर्शन किया है। वनडे क्रिकेट में ईशान किशन टीम इंडिया के लिए 27 मैचों में मैदान पर उतरे, जिसमें उन्होंने 42.40 की औसत और 102.19 के स्ट्राइक रेट से 933 रन बनाए हैं। इसमें एक शतक और सात अर्धशतक शामिल हैं। इस फॉर्मेट में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 210 रन का है। वहीं ईशान भारत के लिए 32 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 25.67 की औसत और 124.37 के स्ट्राइक रेट से 796 रन बना चुके हैं। टी20 में उनके नाम छह अर्धशतक दर्ज है।