आईवीआरआई बरेली का दीक्षांत समारोह कल, राष्ट्रपति मुर्मु सहित कई विशिष्टजन करेंगे शिरकत
बरेली। पशु चिकित्सा एवं अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) बरेली का 11वां दीक्षांत समारोह सोमवार, 30 जून को स्वामी विवेकानंद सभागार में गरिमामय वातावरण में आयोजित होगा। यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठा हासिल करने जा रहा है क्योंकि समारोह की मुख्य अतिथि स्वयं भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु होंगी। मंच पर उनके साथ दो राज्यपाल, मुख्यमंत्री, दो केंद्रीय मंत्री और कृषि अनुसंधान के शीर्ष अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
संस्थान के निदेशक डॉ. त्रिवेणी दत्त ने बताया कि यह दीक्षांत समारोह संस्था के इतिहास में एक स्वर्णिम अवसर है। राष्ट्रपति मुर्मु के साथ उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, और आईसीएआर के महानिदेशक डॉ. मांगीलाल जाट भी इस मंच की शोभा बढ़ाएंगे। राष्ट्रपति लगभग 50 मिनट तक सभागार में उपस्थित रहेंगी और इस दौरान स्नातकों को आशीर्वचन देंगी।
विशेष सुरक्षा व्यवस्था व व्यापक तैयारियां
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर स्वामी विवेकानंद सभागार में एसपीजी, स्थानीय पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में व्यापक तैयारियां की गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पांच एसपी, नौ एडिशनल एसपी और 18 सीओ, 55 इंसपेक्टर, 250 सब इंसपेक्टर समेत सैकड़ों की संख्या में महिला व पुरुष कांस्टेबल तथा पीएसी की चार कंपनियां तैनात की जा रही हं।
झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, जो बरेली के ही निवासी हैं, शनिवार को समारोह स्थल पहुंचे और तैयारियों का निरीक्षण भी किया।
संस्थान के लिए गर्व का दिन
डॉ. त्रिवेणी दत्त ने कहा कि राष्ट्रपति का आगमन आईवीआरआई के लिए अभूतपूर्व सम्मान का विषय है। उन्होंने बताया कि दीक्षांत समारोह की सभी तैयारियां रविवार शाम तक लगभग पूरी कर ली गई हैं। यह आयोजन देशभर के पशु चिकित्सकों और शोधकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।