यमुना में दो युवाओं की जान बचाने वाले जयराम निषाद की वीरता को मिलेगा सम्मान
आगरा। ग्राम मेहरा नाहरगंज (कबीस) निवासी जयराम निषाद ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए यमुना नदी की प्रबल धारा में कूदकर दो युवकों की जान बचाई थी। इस घटना के बाद क्षेत्र में जयराम की बहादुरी की चर्चा हो रही है। अब उनकी बहादुरी को सम्मान दिलाने के लिए भारतीय जाटव समाज के अध्य़क्ष एवं भाजपा नेता उपेंद्र सिंह ने सरकार से औपचारिक मांग उठाई है।
-भारतीय जाटव समाज के अध्यक्ष उपेंद्र सिंह ने गृह सचिव से मुलाकात कर की मांग, जिलाधिकारी को दिए गए निर्देश
भारतीय जाटव समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भाजपा नेता उपेंद्र सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष नेत्रपाल सिंह के साथ लखनऊ में गृह सचिव से मुलाकात कर जयराम निषाद को “वीरता सम्मान” दिलाने की मांग रखी। उपेंद्र सिंह ने गृह सचिव से कहा कि जयराम निषाद जैसे युवाओं की बहादुरी समाज के लिए प्रेरणा है। ऐसे नायकों को सम्मानित करना सरकार और प्रशासन का दायित्व होना चाहिए।
गृह सचिव ने इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जिलाधिकारी आगरा अरविंद मल्लप्पा बंगारी से फोन पर बात की और वीरता सम्मान की प्रक्रिया पूरी करने हेतु आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। इस पहल से ग्रामीणों और समाज में खुशी की लहर है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जयराम निषाद की बहादुरी से न केवल दो परिवारों की जिंदगी बची बल्कि उन्होंने समाज के सामने एक मिसाल पेश की है। अब सबकी नजरें इस पर टिकी हैं कि सरकार किस स्तर पर उन्हें सम्मानित करती है।