जाट महासभा ने मेयर को दो साल पहले के वायदे याद दिलाए, महाराजा सूरजमल, वीर गोकुला की प्रतिमाओं और महापुरुषों के नाम पर पार्क–मार्गों की मांग की
आगरा। अखिल भारतीय जाट महासभा ने मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाहा से दो वर्ष पूर्व किए गए वायदों को शीघ्र पूरा करने की मांग की है। महासभा के एक बड़े प्रतिनिधिमंडल ने मेयर से भेंट कर उन्हें स्मरण पत्र सौंपा और आगरा के गौरवशाली इतिहास से जुड़े महापुरुषों की उपेक्षा पर गहरी नाराजगी जताई।
महासभा के पदाधिकारियों ने बताया कि 17 दिसंबर 2023 को मेयर के आवास पर ज्ञापन देकर यह मांग की गई थी कि महाराजा सूरजमल की प्रतिमा आगरा किले के समक्ष तथा फव्वारा चौक पर वीर गोकुला जाट की प्रतिमा एवं शिलालेख स्थापित किए जाएं। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि महाराजा सूरजमल ने 12 जून 1761 को आगरा किले पर अधिकार कर मुगलिया अत्याचार से पीड़ित जनता को मुक्ति दिलाई और 13 वर्षों तक शासन कर अनेक ऐसे विकास कार्य कराए, जो आज भी जीवंत हैं। इसके बावजूद ताज नगरी में ऐसे महावीर की प्रतिमा का न होना पूरे समाज के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।
प्रतिनिधियों ने वीर गोकुला जाट के बलिदान को स्मरण कराते हुए कहा कि उन्होंने मुगल शासक औरंगजेब के सामने इस्लाम स्वीकार करने से इनकार कर आगरा कोतवाली पर अमानवीय यातनाएं सहते हुए प्राण न्यौछावर कर दिए। अंग–अंग काटे जाने पर शरीर से निकलने वाले रक्त के फव्वारों के कारण ही उस स्थान को आज फव्वारा चौक कहा जाता है, लेकिन वहां आज तक उनका स्मृति चिन्ह नहीं लगाया गया।
जाट महासभा ने यह भी कहा कि मेयर ने यह आश्वासन दिया था कि महाराजा सूरजमल, महाराजा जवाहर सिंह, वीर गोकुला जाट, रामकी चाहर, राजा महेंद्र प्रताप सिंह और भारत रत्न चौधरी चरण सिंह जैसे महापुरुषों के नाम पर पार्कों व मार्गों के नाम रखे जाएंगे, लेकिन 25 माह बीतने के बावजूद किसी भी मांग पर अमल नहीं हुआ, जो अत्यंत क्षोभजनक है।
प्रतिनिधिमंडल ने मेयर का ध्यान 15 जनवरी 2026 को माधव भवन के लोकार्पण अवसर पर संघ के सह सरकार्यवाह श्रीकृष्ण गोपाल के उस वक्तव्य की ओर भी दिलाया, जिसमें उन्होंने फव्वारा चौक पर वीर गोकुला जैसे महाबलिदानी की प्रतिमा न होने पर सार्वजनिक रूप से पीड़ा व्यक्त की थी।
महासभा ने मेयर से आग्रह किया कि वे नगर के इतिहास और समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए पूर्व में किए गए वायदों को अविलंब पूरा करें।
प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर, वरिष्ठ भाजपा नेता मोहन सिंह चाहर, प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी मानसिंह (पूर्व प्रमुख), राधेश्याम मुखियाजी, जिला महामंत्री वीरेंद्र सिंह छोंकर, महानगर अध्यक्ष गजेंद्र सिंह नरवार (पूर्व पार्षद), जिला उपाध्यक्ष चौधरी नवल सिंह, कोषाध्यक्ष गुलबीर सिंह, युवा जाट महासभा के जिला संयोजक जीडी चाहर, महानगर अध्यक्ष लखन चौधरी, महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष श्रीमती निर्मल चाहर, पवन चौधरी सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।