शुभांशु शुक्ला की स्पेस स्टेशन की यात्रा फिर टली
वाशिंगटन। भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला और तीन अन्य एस्ट्रोनॉट्स के लिए अंतरिक्ष स्टेशन तक की ऐतिहासिक यात्रा एक्सिओम-4 एक बार फिर टल गई है। इस मिशन के तहत उन्हें अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन भेजा जाना था। स्पेस एक्स कंपनी ने इसकी जानकारी दी है।
स्पेस एक्स कंपनी ने बताया कि रॉकेट के एक हिस्से में लिक्विड ऑक्सीजन का रिसाव पाया गया है, जिसकी वजह से लॉन्च को टाल दिया गया है। यह रिसाव रॉकेट की जांच के दौरान सामने आया। अब तकनीकी टीम इस गड़बड़ी को ठीक कर रही है। जब तक मरम्मत पूरी नहीं हो जाती और लॉन्च की अनुमति नहीं मिलती, तब तक कोई नई तारीख नहीं दी जाएगी।
इसके साथ ही मौसम भी चिंता की वजह बन सकती थी। मौसम विभाग की मानें तो 11 और 12 जून को बारिश और तेज हवाओं के कारण लॉन्च में रुकावट आ सकती थी।
शुभांशु शुक्ला इस मिशन के पायलट हैं। वह आईएसएस पर जाने वाले पहले भारतीय होंगे और राकेश शर्मा के बाद अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय बनेंगे। उनके साथ मिशन में अमेरिका, पोलैंड और हंगरी के यात्री भी शामिल हैं। यह मिशन करीब 2 से 3 हफ्तों तक चलेगा और अंतरिक्ष स्टेशन पर वैज्ञानिक प्रयोग किए जाएंगे। अब सबकी नजर स्पेस एक्स की मरम्मत प्रक्रिया और मौसम की स्थिति पर है।